28 Sep 2026
मुंबई, 28 सितंबर (एजेंसी)। अभिनेता अक्षय खन्ना एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी नई रियल एस्टेट खरीदारी है। संपत्ति पंजीकरण दस्तावेजों के अनुसार, अक्षय ने दक्षिण मुंबई के प्रतिष्ठित मालाबार हिल इलाके में एक आलीशान अपार्टमेंट खरीदा है।
यह सौदा सितंबर 2026 में पंजीकृत हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता ने मालाबार हिल रोड स्थित '30 लिटिल गिब्स' परियोजना में यह आवासीय संपत्ति खरीदी है, जिसकी कीमत 33.26 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
दस्तावेजों के अनुसार, अपार्टमेंट का कारपेट एरिया 2,341.39 वर्ग फुट है। इसके साथ 175.45 वर्ग फुट का बालकनी क्षेत्र भी शामिल है, जिससे कुल क्षेत्रफल 2,516.84 वर्ग फुट हो जाता है। इस लग्जरी अपार्टमेंट के साथ तीन पार्किंग यूनिट भी उपलब्ध हैं। मालाबार हिल मुंबई के सबसे प्रतिष्ठित और महंगे आवासीय इलाकों में गिना जाता है, जहां कई उद्योगपति, कारोबारी और फिल्मी हस्तियां निवास करती हैं।
संपत्ति दस्तावेजों के मुताबिक, इस लेनदेन पर 1.99 करोड़ रुपये का स्टांप शुल्क और 30 हजार रुपये का पंजीकरण शुल्क अदा किया गया है। हालांकि, अभिनेता की ओर से इस खरीदारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कामकाज की बात करें तो अक्षय खन्ना हाल ही में सनी देओल की फिल्म 'इक्का' और रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' में नजर आए थे। आगामी वर्ष 2027 में वह निर्देशक प्रशांत वर्मा की फिल्म 'महाकाली' में दिखाई देंगे।