इंद्रप्रस्थ न्यूज – ताज़ा हिंदी खबरें | राष्ट्रीय, राज्य, खेल, बिज़नेस ब्रेकिंग न्यूज़
ब्रेकिंग न्यूज
ताजा खबरें कच्चे तेल की आंच में झुलसा घरेलू शेयर बाजार, निवेशकों को लगी 8.77 लाख करोड़ रुपये की चपत यूपीआई लेनदेन पर शुल्क लगाने के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब एशियन खेल मुक्केबाजी : प्रिया घांघस सेमीफाइनल में पहुंचीं, पदक किया पक्का एशियन खेल : भारतीय महिला स्क्वैश टीम की लगातार दूसरी जीत, जापान को 2-1 से हराया कुपवाड़ा में सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत, छह अन्य घायल (अपडेट) उत्तराखंड में आठ हेलीकॉप्टरों से युद्धस्तर पर रेस्क्यू, ऑडेन कोल के सभी 29 और कालिंदी पास के नौ ट्रेकर्स निकाले गए सुभाष राय और लीलाधर मंडलोई को ‘अज्ञेय शब्द सृजन सम्मान’ बिहारः नारायणपुर के कसमाबाद में कटाव, नदी में विलीन हुए एक दर्जन से अधिक आशियाने एमएमडीआर विधेयक को लेकर विपक्ष का हंगामा, ओडिशा विधानसभा में नहीं चल सका प्रश्नकाल डीपफेक वीडियो पर भड़के सलमान खान बॉक्स ऑफिस पर सिद्धार्थ-तमन्ना की \'द वन\' का जलवा दिल्ली के कालकाजी दुष्कर्म मामले पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल प्रयागराज : हाेटल की आड़ में चल रहा अवैध हुक्का बार का भंडाफाेड़, संचालक गिरफ्तार महंगाई को लेकर जयराम रमेश का केंद्र पर हमला, बोले- हर हिस्से पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ जेड प्लस सिक्योरिटी हटाए जाने के खिलाफ कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंचे अभिषेक बनर्जी कभी भारत सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य नहीं बनेगा! खरगे ने बुलाई सीडब्ल्यूसी की बैठक, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग रायगढ़ की केमिकल फैक्टरी में जोरदार धमाका, चार गंभीर घायल महिला पहलवानों की याचिका पर बृजभूषण शरण सिंह को नोटिस, सुनवाई 9 अक्टूबर को कोहली का करियर खत्म होने के बाद ही उनकी विरासत की अहमियत समझ आएगी : इयान बिशप नेपालः हुम्ला में भारी हिमपात, न्यालु और नारा झील की सड़कें बंद स्कूल में गलत गतिविधि की सूचना पर पहुंचे शिक्षक को मारी गोली, पटना रेफर एशियाई खेलों में भारत का शानदार प्रदर्शन, सूची में 39 पदकों के साथ 12वें स्थान पर सचिन तेंदुलकर ने ओपनएआई के साथ की साझेदारी की घोषणा एशियाई खेल 2026: पिंकी बलहारा ने कुराश में जीता कांस्य पदक

राहुल गांधी की गूंज कहां तक जाएगी?

22 Sep 2026

  • राजेश सिरोठिया

देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस के शीर्ष नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन दिनों जातिगत जनगणना के मुद्दे से आगे बढ़कर देश की युवा तरुणाई तक पहुंच बनाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। सवाल है—छात्रों और युवाओं के बीच उठाई जा रही उनकी यह ‘गूंज’ आखिर कितनी दूर तक जाएगी?


राहुल गांधी लंबे समय से जातिगत जनगणना को सामाजिक न्याय और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जोड़कर उठाते रहे हैं। लेकिन बिहार के चुनावी अनुभव ने इस रणनीति की राजनीतिक उपयोगिता पर सवाल खड़े किए। अब उन्होंने छात्रों और युवाओं की ओर रुख किया है। कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे के बाद 19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ का पांचवां कार्यक्रम हुआ।


शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और ‘सिस्टम’ राहुल गांधी के नए अभियान के प्रमुख विषय हैं। इन सवालों से असहमति की गुंजाइश कम है। देश का युवा सचमुच इन समस्याओं से जूझ रहा है। लेकिन यहीं राहुल गांधी के सामने असली सवाल खड़ा होता है—समस्या सबको दिखाई दे रही है, समाधान क्या है?


जिस ‘सिस्टम’ पर राहुल गांधी सवाल उठा रहे हैं, वह एक दिन में बना हुआ ढांचा नहीं है। कांग्रेस सहित विभिन्न दलों की सरकारें दशकों तक इसे चलाती रही हैं। इसलिए अगर राहुल गांधी इसे बदलने की बात करते हैं तो देश यह जानना चाहेगा कि वे सत्ता में आने पर इसे बदलेंगे कैसे?


करोड़ों युवाओं को केवल सरकारी नौकरियां देना संभव नहीं है। रोजगार का रास्ता सरकारी क्षेत्र के साथ निजी उद्योग, छोटे-मझोले उद्यम, स्टार्टअप, स्वरोजगार, कृषि और नई अर्थव्यवस्था से होकर भी गुजरता है। ऐसे में राहुल गांधी की आर्थिक नीति और रोजगार का वैकल्पिक मॉडल क्या होगा—यह सवाल उनके भाषणों से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।


यहीं राहुल गांधी की राजनीति की एक बड़ी कमजोरी सामने आती है। वे कई बार भाजपा सरकारों की वास्तविक कमजोरियों को पकड़ने के बजाय नरेन्द्र मोदी सरीखी विशाल राजनीतिक मछली पकड़ने की कोशिश करते हैं, जो उनके हाथ से बार-बार फिसल जाती है।


सत्ता की अकुलाहट में कांग्रेस ने अपने कई प्रभावी राजनीतिक अस्त्रों की धार भी कुंद की है। मोदी सरकार की नीतियों, प्रशासनिक विफलताओं, बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्थागत पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर लगातार और ठोस अभियान चलाने के बजाय बहस कई बार व्यक्ति-केंद्रित हो जाती है।


दूसरी ओर भाजपा, कांग्रेस को मुस्लिम तुष्टिकरण के आरोप वाले राजनीतिक नैरेटिव पर घेरती है। कांग्रेस के लिए मुश्किल यह है कि इस आरोप का जवाब देते हुए उसे अपनी अल्पसंख्यक नीति और व्यापक सामाजिक न्याय की नीति को अधिक स्पष्ट करना होगा। कांग्रेस की पुरानी राजनीति को उसके आलोचक एक ऐसे सामाजिक समीकरण से जोड़ते रहे हैं जिसमें मुस्लिम मतदाताओं को उसका अपेक्षाकृत स्थिर आधार माना गया। यही धारणा अब कांग्रेस के लिए राजनीतिक बोझ भी बनती दिखाई देती है।


मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन भी कोई स्थायी या एकमुश्त राजनीतिक संपत्ति नहीं है। अलग-अलग राज्यों में जब उन्हें प्रभावी क्षेत्रीय विकल्प दिखाई देता है, तो उनका समर्थन उन दलों की ओर जाता रहा है। बिहार के चुनावी अध्ययन में भी मुस्लिम और यादव मतदाताओं के एक बड़े हिस्से के महागठबंधन की ओर जाने का उल्लेख मिलता है, जबकि दलित मतदाताओं के व्यवहार में चरण और क्षेत्र के अनुसार बदलाव दिखाई दिया।


यही बात कांग्रेस के व्यापक सामाजिक आधार पर भी लागू होती है। दलित, आदिवासी, पिछड़े और सवर्ण मतदाताओं का समर्थन भी किसी एक दल के लिए स्थायी नहीं है। चुनाव-दर-चुनाव समीकरण बदलते रहे हैं। कांग्रेस के लिए चुनौती यह है कि वह इन समुदायों को केवल चुनावी गणित का हिस्सा मानने के बजाय उनके लिए शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक अवसरों के ठोस कार्यक्रम सामने रखे।


राहुल गांधी के सामने चुनौती केवल भीड़ जुटाने की नहीं है। युवा एकरूप मतदाता नहीं है। किसी के लिए सरकारी नौकरी महत्वपूर्ण है, किसी के लिए निजी रोजगार, किसी के लिए उद्यमिता और किसी के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा। इसलिए छात्रों की भावनाओं को राजनीतिक समर्थन में बदलने के लिए भावनात्मक भाषण से अधिक जरूरी है—ठोस कार्यक्रम।


यदि राहुल गांधी ‘सिस्टम’ बदलने की बात करते हैं तो उन्हें बताना होगा कि शिक्षा व्यवस्था कैसे बदलेगी, भर्ती प्रक्रिया कैसे सुधरेगी, निजी क्षेत्र में रोजगार कैसे बढ़ेगा, युवाओं को कौशल और पूंजी कैसे मिलेगी और देश की अर्थव्यवस्था में उनकी भूमिका क्या होगी।


यही ‘छात्रों की गूंज’ की असली परीक्षा है।


कोटा से इंदौर तक उठी आवाज यदि केवल सभाओं और सोशल मीडिया तक सीमित रहती है तो उसका प्रभाव सीमित हो सकता है। लेकिन यदि कांग्रेस इसे युवाओं के लिए स्पष्ट नीति, रोजगार के कार्यक्रम और शासन के वैकल्पिक मॉडल में बदल पाती है, तो यह उसके राजनीतिक विमर्श को नई दिशा दे सकती है।


राहुल गांधी को यह भी समझना होगा कि नरेन्द्र मोदी को चुनौती देने के लिए केवल मोदी-विरोध पर्याप्त नहीं है। उन्हें देश के सामने यह भी रखना होगा कि मोदी के बाद भारत कैसा होगा और उस भारत को बनाने की उनकी योजना क्या है।


‘छात्रों की गूंज’ कितनी दूर तक जाएगी, इसका फैसला किसी मंच पर नहीं होगा। फैसला तब होगा, जब देश का युवा यह तय करेगा कि उसे केवल अपनी समस्या की आवाज चाहिए—या उस समस्या का समाधान भी।


(लेखक, वरिष्ठ पत्रकार हैं।)

Latest News