28 Sep 2026
भुवनेश्वर, 28 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। ओडिशा विधानसभा के मानसून सत्र के पांचवें दिन सोमवार को भी खान और खनिज विकास और विनियमन (एमएमडीआर) संशोधन विधेयक को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बाधित रही। विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने कार्यवाही शुरू होने के महज छह मिनट बाद सदन को पूर्वाह्न 11:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया और प्रश्नकाल का कार्यक्रम नहीं चल सका ।
आज निर्धारित 10.30 बजे सदन की कार्यवाही शुरु होते ही ही बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस के सदस्य एमएमडीआर विधेयक के विरोध में नारेबाजी करते हुए अध्यक्ष के आसन के सामने पहुंच गए। विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण सदन में सामान्य कामकाज संभव नहीं हो सका। विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढी ने प्रश्नकाल का कार्यक्रम के लिए स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग को बुलाया । मंत्री महालिंग भी उत्तर दे रहे थे। लेकिन विपक्षी विधाय़क सदन के बीच में आकर नारेबाजी कर रहे थे।
एमएमडीआर संशोधन अधिनियम के विरोध में कांग्रेस और बीजद लगातार विधानसभा में प्रदर्शन कर रहे हैं। मानसून सत्र की शुरुआत से ही इस मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही बार-बार स्थगित होती रही है।
बीजद ने एमएमडीआर संशोधन अधिनियम को तत्काल वापस लेने की मांग को लेकर राजधानी भुवनेश्वर में आंदोलन कर रही है वहीं, कांग्रेस के नेतृत्व वाला इंडी गठबंधन भी 29 सितंबर को एमएमडीआर संशोधन अधिनियम के विरोध में भुवनेश्वर में ओडिशा विधानसभा घेराव कार्यक्रम आयोजित करने वाला है।