29 Sep 2026
झांसी, 29 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के झांसी में बबीना थाना क्षेत्र के सुकवा-ढुकवा डैम के निचले हिस्से में मंगलवार को तीन युवकों के शव पानी में उतराते मिले। एक साथ तीन शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने शवों को देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बबीना थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शवों को पानी से बाहर निकलवाया।
सूचना पर प्रेमनगर और सीपरी बाजार थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि, प्रेमनगर थाने में दो लोगों की गुमशुदगी दर्ज है, जबकि सीपरी बाजार थाने में भी एक व्यक्ति के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज बताई जा रही है। ऐसे में पुलिस तीनों शवों की पहचान गुमशुदा लोगों से मिलान कराने में जुटी है। समाचार लिखे जाने तक तीनों की शिनाख्त नहीं हो सकी। किनारे पर तीनों के कपड़े और एक स्पलेंडर बाइक भी बरामद हुई है। जिसका नंबर यूपी 93 बताया जा रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि तीनों युवकों की मौत डैम में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस हादसे के साथ अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बबीना थाना प्रभारी राहुल राठौर ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले की जांच जारी है।