30 Sep 2026
-कुल पदक संख्या 60 हुई, पदक तालिका में भारत 8वें स्थान पर
नई दिल्ली, 30 सितंबर (हि.स.)। जापान के आइची-नागोया में जारी एशियाई खेल 2026 में भारत ने बुधवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 7 पदक अपने नाम किए, जिसमें 4 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल रहे। चार स्वर्ण पदक भारतीय तीरंदाजों और निशानेबाजों ने दिलाए। दिन के खेल समाप्त होने के बाद भारत के कुल पदकों की संख्या 60 हो गई है, जिसमें 10 स्वर्ण, 21 रजत और 29 कांस्य पदक शामिल हैं। भारत पदक तालिका में आठवें स्थान पर है।
तीरंदाजी में भारत का दबदबा, तीन स्वर्ण
कंपाउंड तीरंदाजी में भारत ने तीनों स्वर्ण पदक जीतकर शानदार हैट्रिक पूरी की। महिला कंपाउंड टीम में ज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिता तनीपार्थी और पृथिका प्रदीप ने चीन को 238-234 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। भारतीय टीम का 238 का स्कोर विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करने वाला रहा।
मिश्रित कंपाउंड टीम में चिकिता तनीपार्थी और साहिल जाधव ने दक्षिण कोरिया को शूटआउट में हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस जीत के साथ भारत ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के मिश्रित कंपाउंड टीम वर्ग का कोटा भी हासिल किया।
पुरुष कंपाउंड टीम में साहिल जाधव, गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु और कुशल दलाल ने चीन को 238-237 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
निशानेबाजी में मिश्रित टीम का स्वर्ण
ट्रैप मिश्रित टीम स्पर्धा में नीरू धांडा और किनान चेनाई ने भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। भारतीय जोड़ी ने 40 में से 34 अंक हासिल करते हुए एशियाई रिकॉर्ड बनाया। यह ट्रैप मिश्रित टीम स्पर्धा में भारत का पहला स्वर्ण पदक है।
पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल क्वालिफिकेशन के पहले चरण में अनिश भानवाला ने 290 अंक बनाए। इस स्पर्धा का दूसरा चरण और फाइनल 1 अक्टूबर को होगा।
मुक्केबाजी में तीन पदक पक्के
महिला 60 किग्रा वर्ग में प्रिया घंघास को सेमीफाइनल में चीन की यांग चेंग्यू के हाथों 1-4 से हार के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
महिला 75 किग्रा वर्ग में लवलीना बोरगोहेन ने कजाकिस्तान की नताल्या बोगदानोवा को 3-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस जीत के साथ उनका कम से कम रजत पदक पक्का हो गया है।
पुरुष 90 किग्रा वर्ग में कपिल पोखरिया को सेमीफाइनल में उज्बेकिस्तान के तुराबेक खाबिबुल्लाएव से 1-4 से हार मिली और उन्हें कांस्य पदक मिला।
हॉकी में महिला टीम फाइनल में
भारतीय महिला हॉकी टीम ने दक्षिण कोरिया को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अब स्वर्ण पदक के मुकाबले में भारत का सामना चीन से होगा।
कुश्ती में सुनील कुमार का कांस्य
ग्रीको-रोमन 87 किग्रा वर्ग में सुनील कुमार ने फिलीपींस के कैलम जॉनस्टन रॉबर्ट्स को 9-0 से तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराकर कांस्य पदक जीता। यह एशियाई खेलों में सुनील का दूसरा कांस्य पदक है। वह ग्रीको-रोमन कुश्ती में दो एशियाई खेल पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।
महिला 68 किग्रा वर्ग में निशा दहिया को रेपेचाज मुकाबले में उत्तर कोरिया की पाक सोल-गुम से हार के बाद प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा।
स्क्वैश में दोनों भारतीय टीमें सेमीफाइनल में
भारतीय महिला टीम ने क्वार्टर फाइनल में सिंगापुर को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पुरुष टीम ने भी कुवैत को 2-0 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया।
टेनिस में सुमित नागल क्वार्टर फाइनल में
पुरुष एकल के तीसरे दौर में सुमित नागल ने उज्बेकिस्तान के सर्गेई फोमिन को 6-3, 6-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। वहीं दक्षिणेश्वर सुरेश को चीनी ताइपे के त्सेंग चुन-ह्सिन के खिलाफ 3-6, 4-6 से हार मिली।
पुरुष युगल में अनिरुद्ध चंद्रशेखर-एन. श्रीराम बालाजी और युकी भांबरी-दक्षिणेश्वर सुरेश की जोड़ियां क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गईं।
गोल्फ में साप्तक तलवार संयुक्त दूसरे स्थान पर
पुरुष व्यक्तिगत स्ट्रोक प्ले के पहले दौर में साप्तक तलवार ने चार अंडर 66 का स्कोर बनाया और संयुक्त दूसरे स्थान पर रहे। वीर अहलावत और युवराज संधू ने एक ओवर 71 का कार्ड खेला। पुरुष टीम तीन अंडर के स्कोर के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर रही।
महिला वर्ग में प्रणवी उर्स ने चार अंडर 66 का स्कोर बनाया, जबकि अदिति अशोक और दीक्षा डागर ने एक ओवर 71 का कार्ड खेला। भारतीय महिला टीम तीन अंडर के साथ संयुक्त छठे स्थान पर रही।
कैनो स्लैलम और साइकिलिंग में मिश्रित प्रदर्शन
पुरुष कयाक सिंगल में प्रद्युम्न सिंह राठौड़ 125.21 सेकंड के समय के साथ छठे स्थान पर रहे। हितेश केवट सेमीफाइनल में 14वें स्थान पर रहकर बाहर हो गए। महिला कैनो सिंगल में पल्लवी जगताप फाइनल में अयोग्य घोषित हुईं, जबकि रीना सेन सेमीफाइनल में नौवें स्थान पर रहीं।
ट्रैक साइकिलिंग में रोनाल्डो सिंह लैटोनजाम और डेविड बेकहम एल्काटोहचुंगो 1/16 फाइनल रेपेचाज में बाहर हो गए। महिला केरिन में सरिता कुमारी पहले दौर के रेपेचाज से बाहर हुईं, जबकि कीर्ति रंगास्वामी चिक्का 10वें स्थान पर रहीं।
सेपकटकरॉ में पुरुष टीम जीती, महिला टीम हारी
पुरुष क्वाड्रेंट ग्रुप चरण में भारत ने लाओस को 2-0 से हराया। महिला टीम को वियतनाम के खिलाफ 0-2 और फिलीपींस के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।
ई-स्पोर्ट्स में भारत को तीन हार
लीग ऑफ लीजेंड्स के ग्रुप बी में भारत को हांगकांग चीन, दक्षिण कोरिया और चीनी ताइपे के खिलाफ 0-1 से हार मिली।
स्पोर्ट क्लाइम्बिंग और नौकायन में भी भारतीय खिलाड़ी मैदान में
स्पोर्ट क्लाइम्बिंग में पुरुष स्पीड-4 में दीपु मल्लेश क्वालिफिकेशन में 11वें स्थान पर रहकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, जबकि महिला स्पीड-4 में जोगा पुरती क्वार्टर फाइनल में बाहर हो गईं।
नौकायन में लड़कियों की डिंगी स्पर्धा में माही वर्मा ओपनिंग सीरीज की दूसरी रेस के बाद तीसरे स्थान पर हैं। पुरुष डिंगी में विष्णु सरवनन क्वालिफिकेशन सीरीज की तीसरी रेस के बाद पांचवें स्थान पर हैं। महिला डिंगी में नेत्रा कुमानन पांचवीं रेस के बाद चौथे स्थान पर हैं। महिला स्किफ में भारत तीसरे और पुरुष स्किफ में दूसरे स्थान पर है।
इस तरह भारत ने एशियाई खेल 2026 के इस दिन 7 पदक अपने नाम किए, जिनमें चार स्वर्ण शामिल रहे। चार स्वर्ण पदकों के साथ भारत की कुल पदक संख्या अब 60 हो गई है।
चीन 275 पदकों (150 स्वर्ण, 66 रजत और 59 कांस्य) के साथ शीर्ष पर है, जबकि मेजबान जापान 199 पदकों (50 स्वर्ण, 76 रजत और 73 कांस्य) के साथ दूसरे और कोरिया रिपब्लिक 102 पदकों (24 स्वर्ण, 30 रजत और 48 कांस्य) के साथ तीसरे स्थान पर है।