27 Sep 2026
हाथरस, 27 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज.)। उत्तर प्रदेश में हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र में रविवार सुबह रिटायर्ड फौजी और उनकी पत्नी का शव घर के अंदर खून से सना हुआ मिला है। उनकी धारदार हथियार से हत्या की गई है।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेसिंक टीम के साथ घटनास्थल की जांच की। पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आगरा बाईपास मार्ग स्थित बॉडी गांव के पास रहने वाले पूर्व फौजी शमसुद्दीन (58) और उनकी पत्नी सब्बू घर में थे। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे जब घर का गेट नहीं खुला तो आसपास के लोगों को शक हुआ। इसी दौरान पास से गुजर रहे एक नाई ने जमीन पर खून के छींटे देखे। उसने तत्काल परिवार के अन्य सदस्यों और पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी।
परिजनों ने किसी तरह घर का दरवाजा खुलवाया। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। शमसुद्दीन और उनकी पत्नी के शव खून से सने पड़े थे। दोनों की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और आने-जाने वाले लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।
परिवार से पता चला है कि रिटायर्ड फौजी ने दो शादियां की थी। पहली शादी समीना बेगम से वर्ष 1984 में हुई थी। संतान न होने के कारण करीब 15 वर्ष पहले उन्होंने दूसरी शादी की थी। दूसरी पत्नी से उनके दो बेटियां और एक बेटा हैं। परिजनों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच सामान्य संबंध थे और एक-दूसरे के घर आना-जाना भी रहता था। परिवार की तहरीर के आधार मामला दर्ज कर पुलिस हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी हैं। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।