23 May 2026
संभल, 23 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के जनपद संभल की सदर तहसील क्षेत्र में शनिवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर सोनी के नेतृत्व में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस, एआरटीओ तथा नगर पालिका के कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि संभल कस्बे में व्यापार मंडल और पब्लिक के द्वारा शिकायत की गई थी कि यहां पर अतिक्रमण बहुत अधिक बढ़ गया है, इससे जनता को परेशानी हो रही है। इसके बाद जिलाधिकारी ने भी अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देशित किया था। जिसके चलते आज सभी विभागों के समन्वय से यह अतिक्रमण हटाया जा रहा है। अभियान को पुलिस, ट्रैफिक, एआरटीओ और नगरपालिका के सहयोग से यशोदा चौराहे से लेकर शंकर चौराहे, कोतवाली तक अवैध अतिक्रमण, जो दुकानदारों द्वारा किया गया है, उसको हटाया गया है। साथ ही उन्हें चेतावनी भी दी गई है कि आगे यदि वह अतिक्रमण करते हैं तो उन पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। हमने अतिक्रमण हटाओ अभियान के लिए कई सड़क चिन्हित करनी है। आगामी दिनों में दिन में कोतवाली से लेकर चमन सराय तक चलेगा। वहीं मनोकामना मंदिर से लेकर में रोड तक भी अभियान भी चलाया जाएगा। इसके अलावा हम अन्य सड़कें चयनित कर रहे हैं। लगातार यह अभियान चलता रहेगा और अतिक्रमण हटाया जाएगा, साथ ही जागरूक भी किया जा रहा है।