12 Apr 2026
सुपौल, 12 अप्रैल (हि.स.)। जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र के परसा माढ़ी पंचायत में आपसी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और फायरिंग शुरू हो गई। इस दौरान परसा माढ़ी वार्ड संख्या 9 निवासी अशोक चौधरी के 19 वर्षीय बेटे दीपक कुमार के पेट में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत सुपौल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसका ऑपरेशन किया। चिकित्सकों के अनुसार युवक के पेट में फंसी गोली को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया है और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही किशनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ की जा रही है। किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि यह घटना आपसी रंजिश का परिणाम प्रतीत होती है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।