27 Jan 2026
- छात्राओं ने सांस्कृतिक और देश भक्ति गीतों पर आधारित कई कार्यक्रम पेश किए
गाजियाबाद, 27 जनवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। गाजियाबाद नगर निगम के कुटी, भोपुरा, साहिबाबाद स्थित शहीद विजय सिंह पथिक सरस्वती विद्या मंदिर में सोमवार को गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गाजियाबाद नगर निगम के मोहन नगर जोनल प्रभारी सुशील प्रताप सिंह ने झंडा फहराया।
इस अवसर पर पार्षद ओमपाल सिंह भाटी, पूर्व पार्षद बाबू सिंह आर्या, दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल के वरिष्ठ प्लास्टिक सर्जन डॉ धनंजय कुमार, वायु सेना के रिटायर्ड ऑफिसर सत्येंद्र सिंह, अधिवक्ता पूजा भदौरिया, समाज सेवी धर्मेंद्र गौतम, श्रीनिवास गौतम, माया नारायण मेमोरियल ट्रस्ट के सुनील कुमार तथा बड़ी संख्या में छात्राएं और उनके अभिभावक उपस्थित थे।
स्कूल की प्राचार्य डॉ सीमा श्रीवास्तव ने इस अवसर पर बताया कि नगर निगम के प्रयास से छात्राओं के लिए 20 कंप्यूटर की व्यवस्था की गयी है तथा बच्चों द्वारा कबाड़ से कई उपयोगी चीजें बनाई गई हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों द्वारा समय समय पर स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाते हैं। गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में छात्राओं ने ऑपरेशन सिंदूर को सांस्कृतिक रूप से प्रस्तुत किया। इसके अलावा अनेक देश भक्ति गीतों पर कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर सुशील प्रताप सिंह ने राष्ट्र के विकास के लिए युवाओं के लिए अच्छी शिक्षा और अनुशासन पर बल दिया। उन्होंने इस विद्यालय के विकास के लिए गाजियाबाद नगर निगम की तरफ से हरसंभव सहायता मुहैया कराने का भरोसा दिया।
डॉ धनंजय कुमार ने सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से स्कूल की छात्राओं के लिए समय समय पर मुफ्त चिकित्सा शिविर लगाने का भरोसा दिया तथा चिकित्सा में हर तरह की सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
स्थानीय पार्षद ओमपाल सिंह भाटी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि स्कूल के विकास के लिए वे तत्पर रहे हैं तथा स्कूल में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए वह निगम के पदाधिकारियों के संपर्क में हैं।
सामाजिक संस्था माया नारायण मेमोरियल ट्रस्ट, दिल्ली की तरफ से प्रबंधक सुनील कुमार ने बताया कि ट्रस्ट की तरफ से स्कूल में समय-समय पर मुफ्त चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाता रहा है तथा ट्रस्ट द्वारा स्कूल के निकटस्थ नारायण हॉस्पिटल एण्ड ट्रामा सेंटर, डिफेंस कॉलोनी में छात्रों के लिए 24 घंटे मुफ्त चिकित्सा सलाह दी जाती है।
इस अवसर पर समाज सेवी धर्मेंद्र गौतम और श्रीनिवास गौतम ने बताया कि इस विद्यालय की स्थापना तत्कालीन पार्षद बाबू सिंह आर्या के सौजन्य से की गई थी परन्तु सरकारी उदासीनता के शिकार इस कन्या विद्यालय के विकास के लिए अब मिलजुलकर प्रयास किया जा रहा है।