18 Feb 2026
सुपौल, 18 फ़रवरी (हि.स.)।जिला के राघोपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर पंचायत स्थित भगता टोला वार्ड संख्या 11 में मंगलवार देर रात अलाव की चिंगारी से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि सात घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना में करीब 10 लाख रुपये से अधिक की क्षति होने का अनुमान है। पीड़ित श्याम सुंदर सिंह, प्रकाश सिंह, लल्लू सिंह, नीरज सिंह और राज कुमार सिंह ने बताया कि सभी लोग रात में घर में सो रहे थे। अचानक आग की तेज लपटें उठने से अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों व बुजुर्गों को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों ने बाल्टी और अन्य बर्तनों से पानी डालकर आग बुझाने की भरसक कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद बस्ती के अन्य घरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल की छोटी गाड़ी करीब एक घंटे की देरी से पहुंची, तब तक भारी नुकसान हो चुका था। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन और महत्वपूर्ण कागजात सहित सारा सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित परिवारों के पास शरीर पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा। घटना के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है। राघोपुर अंचल अधिकारी रश्मि प्रिया ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और अग्निपीड़ित परिवारों को जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।