04 Jul 2026
सुलतानपुर, 04 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश में सुलतानपुुर जनपद के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शंभूगंज में आज शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां बाजार में सब्जी बेच रहे दो दुकानदारों के ऊपर अचानक हाईटेंशन (HT) बिजली की लाइन टूटकर गिर गई। करंट की चपेट में आने से दोनों लोगों की मौके पर ही झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय बाजार और आसपास के इलाके में भारी हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार शंभूगंज-हनुमानगंज रोड पर रोज की तरह बाजार लगा हुआ था। लोग रोजमर्रा की तरह अपनी दुकानें लगाकर बैठे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन टूटकर सब्जी की दुकानों पर आ गिरी। जब तक कोई कुछ समझ पाता या भागने का मौका मिलता, तब तक दो लोग इसकी चपेट में आ गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस और बिजली विभाग को दी। शंभूगंज फीडर में शाम 7.02 बजे ब्रेकडाउन दर्ज किया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान सकवा निवासी राधेश्याम यादव (55) पुत्र रामचंद्र यादव और गुरु प्रसाद गुप्ता (50) के रूप में हुई है।
इस हादसे को लेकर स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में बिजली विभाग के खिलाफ तीखा आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का आरोप है कि जर्जर तारों की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन समय रहते ध्यान नहीं दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और शांति व्यवस्था बनाए रखने में जुटी है।