10 Feb 2026
नई दिल्ली, 10 फ़रवरी (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को संसद में सरकार को घेरने की रणनीति पर बैठक की जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मौजूद रहे। बैठक में इंडी गठबंधन के फ्लोर लीडर्स ने सत्र के दौरान विपक्ष की भूमिका और रणनीति पर चर्चा की। इसी दौरान लोकसभा से निलंबित किए गए आठों सांसदों ने संसद भवन के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया। इन सांसदों में गुरदीप सिंह औजला, मणिकम टैगोर, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, किरण कुमार रेड्डी, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस शामिल थे। प्रदर्शन के दौरान इन सांसदों ने हाथों में प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पोस्टर पकड़ रखा था। इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसदों ने मंगलवार को संसद भवन के मकर द्वार पर बिहार में बेरोजगारी, अपराध, बलात्कार, गरीबी, पलायन और अशिक्षा जैसे मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में राजद सांसद मनोज झा, प्रेम चंद गुप्ता और संजय यादव समेत कई सांसद शामिल हुए। इन सासंदों ने हाथों में बैनर और पोस्टर ले रखे थे।