04 Sep 2026
नई दिल्ली, 4 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले BRICS Summit-2026 को लेकर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने राजधानी के वीवीआईपी मार्गों, सम्मेलन स्थल, प्रमुख बाजारों और प्रतिनिधियों के ठहरने वाले होटल क्षेत्रों में व्यापक तैयारियां तेज कर दी हैं। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने शुक्रवार को बताया कि सभी प्रमुख कार्य 9 सितंबर तक पूरे कर लिए जाएंगे, ताकि विदेशी प्रतिनिधियों को स्वच्छ, हरित और विश्वस्तरीय नई दिल्ली का अनुभव मिल सके।
चहल ने बताया कि 17 प्रमुख गोलचक्करों, 11 होटल परिसरों और एनडीएमसी की 10 प्रमुख इमारतों को आकर्षक सजावटी रोशनी से सजाया जा रहा है। इसके अलावा विदेश मंत्रालय के साथ समन्वय में 309 ब्रांडिंग साइटों पर इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा हो चुका है, जिनमें 154 डिजिटल स्क्रीन, 83 फ्लेक्स साइट और 72 बस क्यू शेल्टर शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतिनिधियों और वीवीआईपी के आवागमन वाले 41 प्रमुख मार्गों की विशेष निगरानी की जा रही है। सड़कों, फुटपाथों और बस शेल्टरों की मरम्मत पूरी हो चुकी है, जबकि अधिकांश मार्गों पर पेंटिंग का कार्य भी अंतिम चरण में है। एनडीएमसी की नर्सरियों से तैयार 15 हजार से अधिक गमलों से प्रमुख चौराहों और मार्गों का हरित सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। साथ ही नौ स्थानों पर फ्लावर फाउंटेन और 15 स्थानों पर पुष्प सज्जित बोर्ड लगाए जाएंगे।
जलभराव और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्टॉर्म वाटर ड्रेनों की 100 प्रतिशत डी-सिल्टिंग पूरी कर ली गई है तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पंपिंग सेट तैनात किए गए हैं। बाबा खड़क सिंह मार्ग और मंदिर मार्ग पर हाल की बारिश को देखते हुए अतिरिक्त पंप और ड्रेनेज पाइपलाइन की व्यवस्था की गई है।
चहल ने बताया कि 5 से 14 सितंबर तक पालिका केंद्र स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) 24 घंटे संचालित रहेगा। तीनों पालियों में वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती के साथ कंट्रोल रूम भी चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा। इसके अलावा 14 स्वच्छता सर्किलों में रात्रिकालीन विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सात मैकेनिकल रोड स्वीपर और 10 प्रेशर जेटिंग मशीनों के माध्यम से प्रमुख मार्गों की डीप क्लीनिंग और धुलाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन मार्गों पर सभी स्ट्रीट लाइटों का सत्यापन कर खराब लाइटें बदल दी गई हैं। करीब 350 बिजली पैनल बॉक्सों का सौंदर्यीकरण किया गया है तथा अतिक्रमण और अनधिकृत होर्डिंग हटाने की कार्रवाई भी तेज कर दी गई है। वायु गुणवत्ता बनाए रखने के लिए पांच प्रमुख स्थानों पर मिस्ट स्प्रे की व्यवस्था की गई है।
चहल ने कहा कि जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान मिली सफलता और अनुभव के आधार पर इस बार तैयारियों को और बेहतर बनाया गया है। एनडीएमसी का लक्ष्य BRICS Summit के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के विजन के अनुरूप नई दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर, हरित और विश्वस्तरीय स्वरूप में प्रस्तुत करना है।