01 Jan 2026
नई दिल्ली, 1 जनवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 3 जनवरी को दिल्ली विधानसभा सदन में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के चित्रों का अनावरण करेंगे। यह जानकारी दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आज दी। इन चित्रों की स्थापना विधानसभा सदन में की जाएगी, जो भारतीय लोकतंत्र, शिक्षा, संस्कृति एवं सार्वजनिक जीवन में इन दोनों महान राष्ट्रनायकों के अतुलनीय योगदान के प्रति गहन सम्मान और स्थायी श्रद्धांजलि का प्रतीक होगी।
इस अवसर पर ‘भारत माता’ शीर्षक से प्रकाशित एक विशेष कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया जाएगा। यह प्रकाशन चित्रकला, स्थापत्य और साहित्य के माध्यम से भारतीय राष्ट्रभावना की अभिव्यक्ति को प्रस्तुत करता है तथा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में समर्पित है।
इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष राम बहादुर राय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम दिल्ली सरकार के विधायी कार्य मंत्री प्रवेश साहिब सिंह तथा दिल्ली विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता करेंगे। इसके अतिरिक्त साहित्य कला परिषद के कलाकारों द्वारा देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जाएगा, जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और राष्ट्रीय विरासत को प्रतिबिंबित करेगा।
कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में दिल्ली पुलिस, लोक निर्माण विभाग, बागवानी विभाग, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग तथा दिल्ली विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। अध्यक्ष ने कार्यक्रम के सुचारु, सुरक्षित और गरिमापूर्ण आयोजन हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, एम्बुलेंस एवं पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था पर भी ज़ोर दिया। कार्यक्रम में लगभग 1,000 लोगों के सम्मिलित होने की संभावना है तथा सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।