07 May 2026
प्रियंका चोपड़ा के हाथ एक और बड़ा हॉलीवुड प्रोजेक्ट लग गया है। वह जल्द ही सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म 'रीसेट' में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ हॉलीवुड स्टार ऑरलैंडो ब्लूम मुख्य भूमिका निभाएंगे। इस नई जोड़ी को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म का निर्देशन मैट स्मुक्लर करेंगे और इसकी शूटिंग अगस्त 2026 से शुरू होने वाली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म की कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो खुद को एक सुनसान जंगल में फंसा हुआ पाती है। उसे यह तक याद नहीं रहता कि वह वहां कैसे पहुंची। अपनी जान बचाने के लिए उसे एक रहस्यमयी अजनबी पर भरोसा करना पड़ता है, जिसका किरदार ऑरलैंडो निभाएंगे। निर्देशक का कहना है कि प्रियंका और ऑरलैंडो की जोड़ी में आकर्षण और रहस्य दोनों का बेहतरीन संतुलन है, जो फिल्म की कहानी को और दमदार बनाएगा। फिल्म की खास बात यह भी है कि प्रियंका सिर्फ अभिनय ही नहीं, बल्कि निर्माण से भी जुड़ी हैं। उनकी प्रोडक्शन कंपनी 'पर्पल पेबल पिक्चर्स' और ऑरलैंडो की कंपनी 'अमेजिंग आउल' इस प्रोजेक्ट का सह-निर्माण कर रही हैं। जॉन होएबर, एरिच होएबर, माइकल लाजारोविच और मैथ्यू रोड्स भी फिल्म के निर्माता हैं। हॉलीवुड में प्रियंका चोपड़ा का कद लगातार बढ़ता जा रहा है। उनकी हालिया परियोजनाओं को वैश्विक स्तर पर शानदार प्रतिक्रिया मिली है। वह जल्द ही अपनी चर्चित सीरीज 'सिटाडेल' के दूसरे सीजन और एसएस राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' में भी नजर आने वाली हैं।