25 Jan 2026
जयपुर, 25 जनवरी (हि.स.)। केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा गणतंत्र दिवस-2026 की पूर्व संध्या पर डीआईजी शान्तनु कुमार सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक व आईजी दीपक कुमार व परम ज्योति सहित 16 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पुलिस पदक प्रदान करने की घोषणा की गयी है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने इन सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पदको के लिए बधाई दी है। प्रदेश में साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और अपनी विशिष्ट कार्यप्रणाली के लिए पहचाने जाने वाले उपमहानिरीक्षक पुलिस साइबर क्राइम शांतनु कुमार सिंह को इस वर्ष के राष्ट्रपति पुलिस पदक से नवाजा जाएगा। यह पदक उनकी वर्षों की कठिन मेहनत, ईमानदारी और पुलिसिंग में नवाचारों के प्रति उनके समर्पण का प्रमाण है। दो आईपीएस अधिकारी सहित प्रदेश के 16 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक के लिए चुना गया है। इनमें महानिरीक्षक पुलिस गृह विभाग दीपक कुमार, महानिरीक्षक पुलिस अपराध शाखा परम ज्योति,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक,जैसलमेर रेवन्त दान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक,आरपीए धनपत राज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर सिंह शेखावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बौंली सवाईमाधोपुर नीलकमल मीणा, पुलिस निरीक्षक सतर्कता जयपुर सुरेन्द्र यादव, पुलिस निरीक्षक सीआईडी (सीबी) जयपुर स्नेहलता जाट शामिल है। इसी प्रकार उप निरीक्षक थानाधिकारी गहनोली मोड़ जिला भरतपुर कृष्णवीर सिंह, राजेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक कार्यालय महानिरीक्षक पुलिस कोटा रेंज हरीशंकर, सहायक उप निरीक्षक सिविल राइट्स पुलिस मुख्यालय उमेश पारीक, सहायक उप निरीक्षक, सीआईडी (एसएसबी), जोन उदयपुर बालू लाल, सहायक उप निरीक्षक कार्यालय पुलिस अधीक्षक जिला-नागौर लक्ष्मीनारायण, सहायक उप निरीक्षक कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जीआरपी, जोधपुर महेन्द्र सिंह, हैड कांस्टेबल 81, कार्यालय कमाण्डेन्ट एसडीआरएफ जयपुर सत्यवीर, हैड कांस्टेबल 44, चतुर्थ बटालियन आरएसी, जयपुर (हाल सेवानिवृत्त) को भी पुलिस पदक के लिए चुना गया है।