18 Feb 2026
अजमेर, 18 फरवरी (हि.स.)। राजस्थान के अजमेर जिले में बुधवार सुबह मौसम में अचानक बदलाव दर्ज किया गया। किशनगढ़ उपखंड और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चने के आकार के ओले गिरे। बाजेड़ा बालाजी और बांदरसिंदरी सहित कई इलाकों में खेतों में ओलों की परत देखी गई। इस समय क्षेत्र में गेहूं, चना और सरसों की फसल पकाव की अवस्था में है। ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जिले में मौसम बदला है। मंगलवार देर रात मेघगर्जन के साथ मसूदा क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने की सूचना है। एक मकान की छत की पट्टियां क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है। हालांकि किसी प्रकार के जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। अजमेर शहर में सुबह करीब नौ बजे तेज बौछारों के साथ बारिश हुई। घने बादलों के कारण दृश्यता प्रभावित रही। तापमान में गिरावट दर्ज की गई और शीतलहर जैसे हालात बने। किशनगढ़ क्षेत्र में ओलावृष्टि की सूचना प्रशासन को दी गई है। निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों को भी मौसम बदलाव से दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पूर्व में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। किसानों ने फसलों की सुरक्षा के प्रयास किए थे, लेकिन कई स्थानों पर नुकसान की आशंका बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों ने 20 फरवरी से फिर से मौसम में बदलाव की संभावना जताई है।