30 Jun 2026
मुंबई, 30 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मुंबई के चेंबूर इलाके स्थित रोड क्रमांक 11 पर मंगलवार को दोपहर में यूनिवर्सल हाईस्कूल की स्कूल बस पर अचानक पीपल का पेड़ गिर जाने से एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि १४ छात्र घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और घायल छात्रों को शताब्दी अस्पताल में पहुंचाया गया है। मौके पर बस पर से पेड़ हटाने का काम जारी है। मुंबई के उप महापौर संजय घाड़ी ने बताया कि चेंबूर में आज दोपहर में करीब दो बजकर 58 मिनट पर एक स्कूल बस पर पेड़ गिर गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और राहत और मदद कार्य कर रही है। घाड़ी ने बताया कि मौके पर हर तरह की मदद की व्यवस्था की गई है और घटना में घायल 10 छात्रों का इलाज शताब्दी अस्पताल में इलाज हो रहा है। क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त समीर शेख ने बताया कि आज एक निजी स्कूल की बस में कुल 15 विद्यार्थी सवार थे। बस पर पेड़ गिरने के बाद बस में सभी छात्रों को बस से निकाला गया और इनमें से 5 छात्रों को जैन अस्पताल में और 10 छात्रों को शताब्दी अस्पताल में पहुंचाया गया। जैन अस्पताल में इलाज के दौरान सुरेखा नामक बच्ची की मौत हो गई जबकि अन्य चार छात्रों का इलाज जारी है।