06 Aug 2026
नोएडा, 06 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नोएडा के विभिन्न जगहों पर गुरुवार काे हुए विभिन्न सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो गई है। पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना बीटा- 2 क्षेत्र के अंतर्गत आज सुबह सचिन (19) पुत्र बाबूराम निवासी जनपद हमीरपुर, मनीष (19) पुत्र छोटेलाल निवासी ओमिक्रान सेक्टर बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। तभी अवध ग्रीन कट के सामने एक अज्ञात कार चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दिया। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
थाना दनकौर के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अमित कुमार पुत्र जगबीर सिंह थाना दनकौर क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वह मूल रूप से जनपद बुलंदशहर के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि उपचार के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। थाना दनकौर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि थाना दनकौर क्षेत्र में आज सुबह को हुए एक सड़क हादसे में मंजरपुर कोठी के पास एक कार चालक ने एक मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इस घटना में मोटरसाइकिल पर सवार हरिकेश (38) पुत्र मनवीर सिंह तथा उनकी पत्नी प्रियंका (32) निवासी ग्राम ककोड़ जनपद बुलंदशहर घायल हो गए। उन्होंने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि थाना दनकौर पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अन्य विधिक कार्रवाई कर रही है।
थाना बादलपुर क्षेत्र के छपरौला गांव के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर गुरुवार को सुबह एक मकान में घुस गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक के केबिन में फंसे चालक नरेश (40) को ट्रक से बाहर निकाल कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।