13 Apr 2026
मुंबई, 13 अप्रैल (हि.स.)। आईपीएल 2026 के एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने मुंबई इंडियंस (एमआई) को 18 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को खेले गए इस मैच में आरसीबी की संतुलित गेंदबाजी ने मुंबई के बड़े लक्ष्य के पीछा करने के प्रयास को रोक दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में 2404 का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से फिल साल्ट ने 78 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि रजत पाटीदार ने 53 रन बनाए। इसके अलावा विराट कोहली ने भी अर्धशतक जड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। 241 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी रही। रोहित शर्मा और रायन रिकेल्टन ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई और पावरप्ले में 62 रन जोड़े। हालांकि, छठे ओवर में रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग चोट के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए, जो टीम के लिए बड़ा झटका साबित हुआ। मध्यक्रम में शेरफेन रदरफोर्ड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में नाबाद 71 रन बनाए और मैच को रोमांचक बना दिया। उन्होंने मिचेल सेंटनर के साथ 68 रनों की साझेदारी भी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। आरसीबी की ओर से क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा ने कसी हुई गेंदबाजी कर मुंबई को 20 ओवर में 2225 पर रोक दिया। इस जीत के साथ आरसीबी ने चार मैचों में अपनी तीसरी जीत दर्ज की और 6 अंकों के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई। वहीं, मुंबई इंडियंस को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा, जिससे टीम की स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई है।