18 Feb 2026
देवरिया, 18 फरवरी (हि.स.)। अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन में एक युवती से दुष्कर्म की कोशिश के मामले में फरार आरोपित डिप्टी सीटीआई पर 10 हजार रुपये का इनाम जीआरपी गाेरखपुर ने घोषित किया है। उसकी तलाश में टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। गोरखपुर जीआरपी एसपी लक्ष्मी निवास मिश्रा ने बुधवार काे बताया कि 16 फरवरी को एक युवती ने जीआरपी गाेरखपुर काे एक तहरीर दी।इसमें उसने यह आराेप लगाया कि 15 फरवरी काे मऊ से अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस से गोरखपुर जा रही थी। वह बिना टिकट यात्रा कर रही थी।चेकिंग के दौरान ट्रेन में तैनात बिहार के रहने वाले डिप्टी सीटीआई राहुल कुमार ने उसे बिना टिकट यात्रा करते पकड़ा। आराेप है कि डिप्टी सीटीआई ने उसे टिकट बनवाने और सीट उपलब्ध कराने के बहाने एसी फर्स्ट क्लास के एक केबिन में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। चीखने चिल्लाने पर वह देवरिया में ट्रेन से उतरकर फरार हो गया। इस मामले में पीड़ित युवती ने गोरखपुर जीआरपी में मुकदमा दर्ज कराया है। हालांकि यह मामला देवरिया का होने के कारण केस को जीआरपी देवरिया स्थानांतरित कर दिया गया। देवरिया जीआरपी ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जीआरपी एसपी ने बताया कि फरार आरोपित पर 10 हजार रुपये के इनाम की घोषित किया गया है। उसकी तलाश में विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। जीआरपी ने आम जनता से अपील की है कि आरोपित के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल नजदीकी रेलवे पुलिस थाने या संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा ।