02 Feb 2026
बरेली, 2 फरवरी (हि.स.) । नगर निगम की दुकानों के किराएदार दुकानदाराें का सब्र सोमवार को जवाब दे गया। पार्षद राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में सैकड़ों दुकानदार नगर निगम पहुंचे और महापौर डॉ. उमेश गौतम से मिलकर अफसरशाही की कथित मनमानी के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि निगम के कुछ अधिकारी नियमों को ताक पर रखकर पुराने किराएदारों का उत्पीड़न कर रहे हैं। पार्षद राजेश अग्रवाल ने कहा कि यदि नगर निगम से कोई गलत प्रस्ताव पारित होता है, तो उसे सुधारने की जिम्मेदारी भी निगम प्रशासन की ही है। उन्होंने सवाल उठाया कि नई दुकानों के आवंटन में जहां किराया और प्रीमियम कम तय किया जा रहा है, वहीं वर्षों से कारोबार कर रहे पुराने दुकानदारों से अधिक किराया और भारी प्रीमियम क्यों वसूला जा रहा है। नामांतरण के नाम पर भी पुराने दुकानदारों पर दोहरी मार डाली जा रही है। दुकानदारों ने राजस्व निरीक्षक टिंकू सिंह पर धमकी देने और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए। कहा गया कि दुकानों को सील करने की धमकी देकर डराया जा रहा है और मोटी रकम लेकर नियमविरुद्ध नामांतरण किए जा रहे हैं, जिसकी न तो कार्यकारिणी को जानकारी है और न ही बोर्ड को। पार्षद सलीम पटवारी ने कमेटी को दरकिनार कर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए तत्काल बोर्ड बैठक बुलाने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।