11 Aug 2026
हुगली, 11 अगस्त (एजेंसी)। आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स और बंगाल क्रिकेट टीम के लिए खेल चुके एक चर्चित विकेटकीपर-बल्लेबाज को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित क्रिकेटर को मंगलवार को चुंचुड़ा अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कर्नाटक की एक मेडिकल छात्रा ने गत 23 जून को मोगरा थाने में क्रिकेटर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। बताया गया है कि दोनों के बीच करीब साढ़े तीन वर्षों से संबंध थे और दोनों ने शादी करने का फैसला भी किया था। इस दौरान दोनों विदेश भी साथ गए थे।
सूत्रों के अनुसार, करीब डेढ़ वर्ष पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था और मामला थाने तक पहुंचा था। हालांकि, उस समय कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। गत 23 जून को युवती द्वारा मोगरा थाने में शिकायत दिए जाने के बाद हुगली ग्रामीण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। हुगली ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कुणार भूषण सिंह उसी दिन मोगरा थाने पहुंचे और डीएसपी क्राइम अभिजीत सिन्हा महापात्र तथा मोगरा थाने के आईसी के साथ मामले को लेकर बैठक की। उन्होंने जांच को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जांच के दौरान मोगरा थाने की पुलिस कई बार क्रिकेटर के चंदननगर स्थित आवास पर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। काफी समय बीतने के बाद युवती ने कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। हाई कोर्ट ने पुलिस को क्रिकेटर को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।
इसके बाद मोगरा थाने की पुलिस ने सोमवार को उसे कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 69, 311, 318 तथा आईटी एक्ट की धारा 66/72 सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपित को मंगलवार को चुंचुड़ा अदालत में पेश किया गया। अदालत ने मामले की जांच के लिए उसे तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। पुलिस अब मामले में आरोपों की जांच के साथ दोनों के बीच संबंध और युवती द्वारा लगाए गए आरोपों से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।