15 May 2026
नई दिल्ली, 15 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा एनडीसीसी कन्वेंशन सेंटर, जय सिंह रोड में आयोजित एक विशेष समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अनुकंपा के आधार पर चयनित कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र तथा संविदा कर्मचारियों को मेडिकल हेल्थ कार्ड वितरित किए।
इस अवसर पर दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज, एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि एनडीएमसी केवल एक संस्था नहीं बल्कि एक परिवार है, जहां अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मिलकर देश की सेवा करते हैं। उन्होंने कहा कि एनडीएमसी क्षेत्र देश की प्रशासनिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था का केंद्र है और यहां कार्यरत कर्मचारी राजधानी की छवि को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीएमसी के प्रयासों से 109 परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति के रूप में नई आशा मिली है। उन्होंने इसे केवल नौकरी नहीं बल्कि परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने वाला सहारा बताया। उन्होंने विशेष रूप से खुशी जताई कि नियुक्ति प्राप्त करने वालों में लगभग 90 महिलाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने एलएमएचएस योजना के तहत संविदा कर्मचारियों को मेडिकल हेल्थ कार्ड दिए जाने को बड़ी राहत बताते हुए कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ संवेदनशील और पारदर्शी शासन व्यवस्था देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को नियुक्ति पत्र और संविदा कर्मचारियों को मेडिकल कार्ड सुविधा उपलब्ध कराना सामाजिक कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इससे कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मिलेगी।
सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति और मेडिकल कार्ड जैसी लंबे समय से लंबित मांगों को एनडीएमसी परिषद ने संवेदनशीलता के साथ स्वीकृति दी है। उन्होंने इसे मानवीय दृष्टिकोण से लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा ने बताया कि 109 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करना परिषद की अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने जानकारी दी कि 38 विभिन्न श्रेणियों के 878 संविदा कर्मचारियों और उनके परिवारों को अब एनडीएमसी से संबद्ध अस्पतालों एवं डायग्नोस्टिक केंद्रों में कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। उन्होंने वर्ष 2025-26 के दौरान एनडीएमसी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि 954 पदोन्नतियां, 4,357 कर्मचारियों को एमएसीपी लाभ, पेंशन मामलों का शीघ्र निपटान तथा डीएसएसएसबी और यूपीएससी के माध्यम से भर्ती प्रक्रियाएं पूरी की गई हैं।
समारोह के अंत में एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार कर्मचारियों के कल्याण के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है।