17 Jun 2026
पटना|नई दिल्ली, 17 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का मंगलवार को पटना दौरा स्वच्छता, विकास, कृषि सुधार और जनसंवाद से जुड़े विविध कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। पूरे दिन चले कार्यक्रमों के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए बिहार में विकास की गति और केंद्र-राज्य समन्वय की सराहना की।
गोलघर से स्वच्छता अभियान की शुरुआतः
दौरे की शुरुआत पटना के ऐतिहासिक गोलघर परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान से हुई। इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, अधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ स्वच्छता अभियान में भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ स्वच्छ भारत अभियान देश में व्यवहार परिवर्तन का बड़ा माध्यम बना है।
उन्होंने कहा, “स्वच्छता परमो धर्म केवल एक नारा नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। स्वच्छ भारत अभियान ने देश में जनभागीदारी का नया अध्याय लिखा है।”
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से की महत्वपूर्ण बैठकः
इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उनके लोकसेवक आवास पर मुलाकात की। बैठक में कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। दोनों नेताओं ने किसानों की आय बढ़ाने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा की।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेशः
एमएलए फ्लैट परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होकर शिवराज सिंह चौहान ने पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को जोड़ते हुए “धरती सेवा” का संदेश दिया। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
प्रगति पथ यात्रा में विकास परियोजनाओं का निरीक्षणः
केंद्रीय मंत्री ने ‘प्रगति पथ यात्रा’ के तहत अटल पथ सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना क्षेत्र में चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया।
पीएमसीएच के नवनिर्मित अत्याधुनिक भवन का अवलोकन करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार का स्वास्थ्य ढांचा तेजी से बदल रहा है और यह राज्य की नई पहचान बन रहा है।
विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में मोदी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेखः
विद्यापति भवन में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में हुए बदलावों का विस्तृत उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि भारत ने बुनियादी ढांचे, परिवहन, डिजिटल तकनीक और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। लगभग शत-प्रतिशत रेल विद्युतीकरण, वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर देश की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्वाभिमान और सांस्कृतिक गौरव से जुड़े कदमों को भी नई भारत की पहचान बताया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोरः
प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय मंत्री ने बिहार को “ज्ञान, तप और त्याग की भूमि” बताते हुए राज्य की ऐतिहासिक विरासत को नमन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में 4 करोड़ से अधिक लोगों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि 3 करोड़ महिलाएं ‘लखपति दीदी’ के रूप में आर्थिक रूप से सशक्त बनी हैं। उन्होंने कहा कि देश का खाद्यान्न उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा है और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा पीएम-किसान जैसी योजनाएं किसानों के लिए परिवर्तनकारी साबित हुई हैं।
नौबतपुर में किसानों से सीधा संवादः
दौरे के अंतिम चरण में नौबतपुर में आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से सीधे संवाद किया। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग, मृदा परीक्षण, किसान क्रेडिट कार्ड और कृषि से जुड़ी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता “समृद्ध किसान, सशक्त गांव और आत्मनिर्भर भारत” है तथा कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
बिहार बन रहा परिवर्तन का प्रमुख केंद्रः
पटना दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री के संदेश का मुख्य केंद्र यह रहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाएं अब केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राज्यों के सहयोग से प्रभावी रूप से धरातल पर उतर रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहार विकास और परिवर्तन की इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है।