05 Jul 2026
बहराइच, 05 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में रविवार तड़के करीब 5 बजे गोंडा से बहराइच आ रही वाराणसी कैंट डिपो की रोडवेज बस (संख्या UP78HT4651) चिलवरिया के पास आगे चल रही सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। हादसे में रोडवेज बस में सवार 11 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां 6 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि 5 घायलों का इलाज जारी है। इनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसका समुचित उपचार कराया जा रहा है। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को भी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है तथा शांति व्यवस्था कायम है।