18 Mar 2026
नई दिल्ली, 18 मार्च (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को मध्य प्रदेश के इंदौर में आग लगने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के इंदौर में आग लगने की घटना में हुई जान-माल की हानि से गहरा दुख हुआ है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश के इंदौर में आज सुबह करीब 4 बजे एक मकान में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से हुए हादसे छह लोग जिंदा जल गए, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी
हैं।