14 Aug 2026
नैनीताल, 14 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शुक्रवार को रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में टेंपो ट्रैवलर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार 20 अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जिला नियंत्रण कक्ष से दोपहर 1:35 बजे सूचना मिलने पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। जानकारी के अनुसार रामगढ़ से लगभग तीन किलोमीटर आगे मुक्तेश्वर की ओर लुक्ताधार के पास टेंपो ट्रैवलर (वाहन संख्या UP14 TQ 9690) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में कुल 22 यात्री सवार थे।
सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में उप निरीक्षक मनोज रावत के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। विशेष रेस्क्यू उपकरणों की मदद से टीम ने खाई में उतरकर यात्रियों को बाहर निकाला।
रेस्क्यू अभियान के दौरान 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं दुर्घटना में मृत दो व्यक्तियों के शव वाहन से निकालकर जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए।
हादसे में मृतकों में सुमित पाल सिंह (24 वर्ष), पुत्र कनक पाल सिंह, निवासी फरीदाबाद की पहचान हो गई है। दूसरे मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
गंभीर रूप से घायल यात्रियों में मनीष कुमार (25), नंदिनी (22), तुषार कुमार (21), लक्ष्मी (27), मयंक (17), प्रदीप कुमार (26), रितिका (23), हर्ष वर्मा (26), पायल (22), आनंद (27), अजय (25), अंजलि (22), 10 माह की मिस्टी तथा वाहन चालक यश कुमार (27) शामिल हैं। इसके अलावा धर्मेंद्र (24), डॉली (25), अंजलि (23), धीरज (25), अंकित (26) और सोनिया (23) को मामूली चोटें आई हैं।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
(यह समाचार लगातार अपडेट किया जा रहा है)