12 Feb 2026
बूंदी, 12 फरवरी (हि.स.)। कोटा-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे-27 पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो भाइयों और उनकी बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों लोग एक ही बाइक पर सवार थे। हादसा रात करीब 8:45 बजे बूंदी जिले के डाबी थाना क्षेत्र में दुधी कुड़ी कट के पास हुआ। डाबी थाना प्रभारी हेमराज शर्मा ने बताया कि पराणा गांव निवासी मदन बंजारा अपनी बेटी सुमन, बेटे अंकित और भतीजे करण (बहादुर का पुत्र) के साथ डाबी की ओर जा रहे थे। परिवार के किसी सदस्य की तबीयत खराब होने पर उसे डॉक्टर को दिखाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान बिजौलिया (भीलवाड़ा) की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में 8 से 10 वर्ष आयु के तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पर बच्चों के शव पड़े देख वहां अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल मदन बंजारा को एंबुलेंस की सहायता से तत्काल कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। डाबी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रेलर को कब्जे में लिया और मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।