05 Sep 2026
नई दिल्ली, 05 सितंबर (एजेंसी)। दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी के पिता पर हमला कर घायल करने के आरोपित स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। स्वतंत्र भारद्वाज को एकदिन पूर्व 4 सितंबर को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया गया था। और आज पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया।
दिल्ली पुलिस ने आरोपित स्वतंत्र भारद्वाज को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया और पूछताछ के लिए हिरासत की मांग की। स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी तब हुई थी जब उसने एक पॉडकास्ट में इस बात को स्वीकार किया था कि उसने एक प्रदर्शनकारी छात्रा के पिता के सिर पर हमला किया।
इस पॉडकास्ट के बाद काकरोच जनता पार्टी और कुछ राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं ने संसद मार्ग थाने पर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब स्वतंत्र भारद्वाज ने खुद ही पॉडकास्ट पर आरोप कबूल किया है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।
इस प्रदर्शन के बाद स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर में गिरफ्तार किया गया था। स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ पॉक्सो कानून और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान स्वतंत्र भारद्वाज की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हुईं थी।