14 Mar 2026
कठुआ, 14 मार्च (हि.स.)। कठुआ जिले में पिछले कुछ दिनों से एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं के बीच बनी असमंजस की स्थिति के बीच अब राहत भरी खबर सामने आई है। गैस एजेंसियों के माध्यम से मिली जानकारी के अनुसार गैस बुकिंग की ओटीपी प्रक्रिया एक बार फिर शुरू कर दी गई है जिससे उपभोक्ताओं को बुकिंग में आ रही तकनीकी दिक्कतों से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि ओटीपी सेवा शुरू होने के बावजूद गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ अभी भी देखी जा रही है। कई लोग सिलेंडर बुकिंग और आपूर्ति को लेकर जानकारी लेने के लिए एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं। इस बीच गैस डीलरों ने उपभोक्ताओं से घबराने या पैनिक करने से बचने की अपील की है। उनका कहना है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है बल्कि पिछले दिनों बुकिंग से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों के कारण यह स्थिति बनी थी जो अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। डीलरों ने यह भी स्पष्ट किया है कि सरकार की नई व्यवस्था के तहत अब एक सिलेंडर लेने के बाद दूसरी गैस बुकिंग 25 दिन बाद ही की जा सकेगी। पहले कई उपभोक्ता एक महीने में दो बार बुकिंग कर लेते थे लेकिन नए नियम लागू होने के बाद इस प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि आने वाले दिनों में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और धैर्य बनाए रखें।