20 Sep 2026
हिसार, 20 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। जिले के कस्बा उकलाना मंडी में जैन स्थान के पास स्थित सविंद्रा फर्नीचर हाउस में बीती रात अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और शोरूम की ऊपरी दो मंजिलों में रखा तैयार फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की सूचना मिलते ही उकलाना से फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए भूना से भी दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार सविंद्रा फर्नीचर हाउस में बड़े स्तर पर फर्नीचर तैयार किया जाता है। बीती देर रात रात फर्नीचर हाउस के मालिक सरदार सविंदर को आग लगने की सूचना मिली। वह तुरंत मौके पर पहुंचे तो ऊपरी मंजिलों से आग की तेज लपटें उठ रही थीं। उन्होंने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए प्रयास शुरू किए। आग की तीव्रता को देखते हुए भुना से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक ऊपरी दोनों मंजिलों में रखा अधिकांश तैयार फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो चुका था। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।