05 Mar 2026
जौनपुर, 05 मार्च (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर में लाइन बाजार थाना अंतर्गत वाजिदपुर तिराहे पर स्थित एक चार मंजिला होटल उत्सव मोटल के निचले हिस्से में गुरुवार सुबह आग लग गई। सुबह करीब आठ बजे लगी इस आग के कारण धुएं का गुबार दूर तक फैल गया। इलाके में हड़कंप मच गया। दमकलकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटें और धुआं बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर चल रहे जिम तक पहुंच गयी। होटल मालिक आशुतोष सिंह ने आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन बड़ी गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। होटल के अंदर कार्यरत कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। तीसरी मंजिल पर जिम कर रही कुछ महिलाओं को भी रेस्क्यू टीम द्वारा सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास की इमारतों के मालिकों ने एहतियात के तौर पर अपने प्रतिष्ठानों की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी। प्रत्यक्षयदर्शी पुलिस विभाग में आरक्षी गायत्री प्रसाद यादव ने बताया कि सुबह आठ बजे के लगभग वह टहल रहे थे। होटल से धुएं को निकलता देख्र वहां भागकर गया तो देखा जबरदस्त आग लगी थी। ऊपर के मंजिल से कांच के टुकड़े पिघलकर नीचे गिर रहे थे। गोदाम में रखे भरे हुए सिलेंडर और अन्य सामान को निकालने में मुश्किल हो रही थी। फिलहाल भरे सिलेंडरों को पहले वहां से दूर हटाया गया। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। जिम कर रही महिलाओं को तीसरे मंजिल से तुरंत हटाया गया। भगवान का शुक्र है कि कोई जनहानि नहीं हुई है।सीएफओ आर. पी. राय ने बताया कि सुबह आठ बजे आग की सूचना मिली थी। तुरंत ही फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है। धुंए का गुबार होटल के निचले मंजिल के अंदर घुस गया था और जिम वाली इमारत में धुंआ पहुँच गया था। सभी लोग सुरक्षित हैं। कोई जनहानि नहीं हुई। आग का शार्ट सर्किट हो सकता है।