13 Jul 2026
-23 जुलाई से 30 जुलाई तक मुड़िया पूर्णिमा राजकीय मेले का आयोजन
-गत वर्ष की भांति करीब एक करोड़ लोगों के भाग लेने की संभावना
आगरा , 13 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश की कृष्ण नगरी मथुरा जिले के गोवर्धन में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 23 जुलाई से 30 जुलाई तक राजकीय गोवर्धन मुड़िया पूर्णिमा मेले का आयोजन प्रस्तावित है। इस मेले में लाखों लोगों के भाग लेने की संभावना को देखते हुए श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा आगरा रीजन की 250 बसों सहित 1200 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जा रही है। इस बाबत रोडवेज ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं।
भगवान श्री कृष्ण से जुड़ी कई लीलाओं में से एक गोवर्धन पर्वत को अपनी ऊँगली पर उठाने की लीला के प्रति आस्था से वशीभूत श्रद्धालुओं का जन सैलाब वर्ष भर गोवर्धन पर्वत की सप्त कोसीय परिक्रमा करता है, लेकिन मुड़िया पूर्णिमा के विशेष अवसर पर गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं में अपार आस्था के चलते लाखों लाखों की संख्या में श्रद्धालु गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करने पहुंचते हैं । गोवर्धन (मथुरा) में लगने वाला प्रसिद्ध 'मुड़िया पूर्णिमा' मेला हिन्दू पंचांग के आषाढ़ माह में पूर्णिमा तिथि को आयोजित किया जाता है। यह मेला आषाढ़ माह की नवमी से शुरू होकर पूर्णिमा तक कुल सात दिनों तक चलता है। बृज में इसे 'मुड़िया पूनो' कहा जाता है। पर्व केेेे दौरान २९ जुलाई को पूर्णिमा के दिन विशेष पूजा अर्चना की जायगी।
गोवर्धन की सात कोसीय परंपरा के बाद श्रद्धालु और भक्तगण गोवर्धन के बाद बरसाना, वृन्दावन, नंदगांव,गोकुल, मथुरा सहित सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों और यमुना घाटों पर बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। इस अवसर पर मथुरा में अपार भीड़ मौजूद रहती है। इन सात दिनों मथुरा प्रशासन के सामने भीड़ नियंत्रण सबसे बड़ी चुनौती होती है। भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए भी अतिरिक्त व्यवस्थाओं का प्रबंध करना होता है। उत्तर प्रदेश रोडवेज और रेलवे द्वारा भी इस अवसर पर आवा गमन के लिए अतिरिक्त सेवाएं संचालित की जाती हैं।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा इस वर्ष मुड़िया पूनो पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब 1200 अतिरिक्त वर्षों की व्यवस्था की जा रही है। आगरा सहित उत्तर प्रदेश के 6 परिक्षेत्रों से अतिरिक्त 1200 बसें मथुरा पहुंचेंगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम आगरा बी पी अग्रवाल ने बताया कि मथुरा में मेला क्षेत्र को 6 जोन में विभाजित किया जायगा। प्रत्येक जॉन का प्रभारी एक ए आर एम रहेंगे। आगरा सहित प्रत्येक परिक्षेत्र से अलग अलग करीब ढाई सौ बसें मथुरा पहुंचेंगी, जिनका संचालन मथुरा में चयनित स्थानों से गोवर्धन तक किया जाएगा। करीब 1100 बसें ऑपरेशनल मोड में रहेंगी और 100 बेस रिजर्व में रहेंगी। प्रत्येक बस पर दो ड्राइवर होंगे। मथुरा से गोवर्धन के लिए प्रति यात्री 50 रुपए किराया निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि रोडवेज बसों का निर्वाध रूप से संचालन करने के लिए रोडवेज की इंटरसेप्टर, क्यूआरटी टीम भी तैनात रहेगी, जो तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालेंगी। इस दौरान टीम रोडवेज अन्य विभागों से तालमेल रखेगी।
उन्होंने बताया कि मुड़िया पूर्णिमा मेले के लिए श्रद्धालुओं को रोडवेज बसें मथुरा जंक्शन स्टेशन की सेकेंड एंट्री से मिलेगी, इसी तरह गिरिराज महाराज के दर्शन व परिक्रमा के बाद भक्तों को मथुरा वापस लाने वाली रोडवेज बस स्टेशन की धौली प्याऊ की ओर स्थित थर्ड एंट्री पर उतारेंगी। गोवर्धन तक जाने के लिए गोवर्धन में यदि भीड़ का दबाव काफी अधिक रहता है तो रोडवेज बसें परिक्रमा मार्ग से कुछ दूर पहले अडींग तक ही जायँगी और वापसी में यह बसें मथुरा सौँख होकर आएगी।