26 Dec 2025
नई दिल्ली, 26 दिसंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। वाहनों की आवाजाही को सुव्यवस्थित करने और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ड्रॉप-ऑफ लेन के लिए पार्किंग शुल्क को दिनांक 26 दिसंबर 2025 से तर्कसंगत (rationalised) बनाया गया है। संशोधित दरों का उद्देश्य पिक-अप/ड्रॉप-ऑफ जोन में लंबी अवधि के ठहराव को हतोत्साहित करना है, साथ ही 15 से 60 मिनट के बीच कम अवधि के लिए रुकने वाले यात्रियों को बड़ी राहत प्रदान करना है।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार नई शुल्क संरचना में निजी और वाणिज्यिक वाहनों के लिए अलग-अलग प्रावधान किए गए हैं, ताकि स्टेशन के सीमित परिसर का समान उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
संशोधित दरों की मुख्य विशेषताएं:
निजी वाहनों के लिए फ्री ड्रॉप-ऑफ: निजी वाहनों के लिए पहले 0-8 मिनट की फ्री ड्रॉप-ऑफ सुविधा जारी रहेगी।
वाणिज्यिक वाहनों के लिए नया शुल्क: यातायात प्रवाह को नियंत्रित करने के लिए, वाणिज्यिक वाहनों के लिए पहले 0-8 मिनट के लिए 30 रुपये का मामूली शुल्क लागू किया गया है।
शुल्क में कटौती (15-60 मिनट): 15 मिनट से अधिक समय तक रुकने पर यात्रियों के शुल्क में महत्वपूर्ण कमी आएगी। 15-30 मिनट के स्लॉट की दर में 50 रुपये की कमी (200 रुपये से घटाकर 150 रुपये) की गई है।
30-60 मिनट के लिए बड़ी राहत: 30 से 60 मिनट के बीच रुकने पर लगने वाले 500 रुपये के भारी फ्लैट रेट को घटाकर 200 रुपये कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
60 मिनट से अधिक समय पर सख्त कार्रवाई: भीड़भाड़ रोकने के लिए, वाहनों को 60 मिनट से अधिक समय तक ड्रॉप-ऑफ लेन में पार्क करने की अनुमति नहीं है। इस सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों को टो (tow) कर लिया जाएगा और 300 रुपये का टोइंग शुल्क लगाया जाएगा।