02 Feb 2026
धारूहेड़ा, 2 फरवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। खाटू श्याम बाबा के जयकारों से सोमवार सुबह धारूहेड़ा गूंज उठा। नगर पालिका चेयरमैन कंवर सिंह के नेतृत्व में बाबा खाटू श्याम की भव्य निशान पदयात्रा लगातार चौथे वर्ष धारूहेड़ा से रवाना हुई। सुबह करीब 6 बजे सोहना रोड स्थित मंदिर से शुरू हुई यह पदयात्रा करीब 200 किलोमीटर की दूरी तय कर खाटू श्याम मंदिर पहुंचेगी।
पदयात्रा की शुरुआत बाबा श्याम की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना और महाआरती के साथ की गई। आरती के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इसके बाद हाथों में निशान ध्वज लिए श्रद्धालु पैदल यात्रा पर निकल पड़े। शंख, ढोल और डीजे पर बजते भक्तिमय भजनों के बीच यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
यात्रा के दौरान जगह-जगह सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर पदयात्रियों का स्वागत किया। साथ ही फलाहार और जलपान की भी व्यवस्था की गई। श्रद्धालु करीब 200 किलोमीटर की पदयात्रा पूरी कर खाटू श्याम मंदिर पहुंचेंगे, जहां बाबा को निशान अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।
इस निशान पदयात्रा में नगर पालिका चेयरमैन कंवर सिंह के अलावा बलराज यादव, विपिन यादव, होशियार सिंह उर्फ बिट्टू, राम प्रकाश पहलवान, प्रमोद कुमार, पूर्ण सिंह, मलिक सहित कुल 13 श्रद्धालु शामिल हैं। भक्ति, श्रद्धा और अनुशासन से सराबोर यह पदयात्रा क्षेत्र में आस्था का बड़ा प्रतीक बनती जा रही है।