01 Jun 2026
नई दिल्ली, 1 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। राजधानी में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने बड़ा फैसला लिया है। अब मंगलवार से नई दिल्ली क्षेत्र के सभी 38 वाटर एटीएम पर नागरिकों को निःशुल्क पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने आज यह घोषणा की।
सोमवार को एनडीएमसी के इन वाटर एटीएम का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद चहल ने कहा कि बढ़ते तापमान और गर्मी को देखते हुए यह निर्णय जनहित में लिया गया है। इससे राहगीरों, श्रमिकों, विद्यार्थियों, पर्यटकों और आम नागरिकों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में 23 वाटर एटीएम पर 300 मिलीलीटर पानी के लिए एक रुपये का शुल्क लिया जाता था, जबकि 15 वाटर एटीएम पहले से ही मुफ्त सेवा दे रहे थे। अब सभी 38 वाटर एटीएम पर पानी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत वर्ष 2018-19 में वाटर एटीएम परियोजना शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। यह परियोजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर विकसित की गई थी।
उन्होंने कहा कि अब वाटर एटीएम के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी एनडीएमसी का जल आपूर्ति विभाग स्वयं संभाल रहा है, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता और निगरानी में सुधार हुआ है।
इस दौरान नेहरू पार्क में एक नए वाटर एटीएम का भी शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही एनडीएमसी क्षेत्र में संचालित वाटर एटीएम की संख्या बढ़कर 38 हो गई है। यह सुविधा प्रतिदिन पार्क में आने वाले नागरिकों, पर्यटकों और मॉर्निंग वॉकर्स के लिए लाभदायक साबित होगी।
एनडीएमसी का कहना है कि यह पहल न केवल नागरिक सुविधाओं को मजबूत करेगी, बल्कि सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने में भी मददगार होगी। परिषद का लक्ष्य क्षेत्र में आने वाले प्रत्येक नागरिक को बेहतर और स्मार्ट शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।