25 Jun 2026
-हजारों लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका
कराकास (वेनेजुएला), 25 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप ने पूरे देश को झकझोर दिया है। बुधवार को स्थानीय समय के अनुसार शाम करीब 6.30 बजे कुछ ही सेकंड के अंतराल पर आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों ने राजधानी कराकास समेत कई राज्यों में भारी तबाही मचाई। अब तक कम से कम 32 लोगों की मौत और 700 से अधिक लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है, जबकि हजारों लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने पूरे देश में राष्ट्रीय आपातकाल (स्टेट ऑफ इमरजेंसी) घोषित कर दिया है। सरकार ने सेना, आपदा राहत बल और स्वास्थ्य एजेंसियों को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में लगा दिया है।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार पहला भूकंप 7.2 और दूसरा 7.5 तीव्रता का था। दोनों झटकों के बीच एक मिनट से भी कम का अंतर था। भूकंप का केंद्र कराकास से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में मोरोन क्षेत्र के पास था। विशेषज्ञों के मुताबिक यह वेनेजुएला में एक सदी से अधिक समय में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप माना जा रहा है।
राजधानी कराकास में तबाही का मंजरः
कराकास, ला गुआइरा, मिरांडा, अरागुआ और काराबोबो राज्यों में दर्जनों इमारतें ढह गईं। कई बहुमंजिला आवासीय भवन मलबे में बदल गए। लोग जान बचाने के लिए घरों और दफ्तरों से बाहर सड़कों पर भागते दिखाई दिए। प्रत्यक्षदर्शियों ने हालात को "हॉरर फिल्म जैसा" बताया।
देश का प्रमुख सिमोन बोलिवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा क्षतिग्रस्त होने के कारण बंद कर दिया गया है। स्कूलों और कॉलेजों में भी छुट्टी घोषित कर दी गई है। अस्पतालों में आपात व्यवस्था लागू कर अतिरिक्त स्टाफ बुलाया गया है।
USGS ने चेतावनी दी है कि अंतिम मौतों का आंकड़ा हजारों तक पहुंच सकता है और कुछ आकलनों में यह 10 हजार से भी अधिक हो सकता है। हालांकि अभी आधिकारिक आंकड़े इससे काफी कम हैं।
दुनिया के पांच सबसे विनाशकारी भूकंप: एक नजरः
1556 : शांक्सी भूकंप, चीन
यह मानव इतिहास का सबसे घातक भूकंप माना जाता है। अनुमानित 8.3 लाख लोगों की मौत हुई। मिट्टी की गुफानुमा बस्तियां पूरी तरह ध्वस्त हो गई थीं।
1920 : हैयुआन भूकंप, चीन
रिक्टर पैमाने पर लगभग 8.3 तीव्रता के इस भूकंप में करीब 2 लाख लोग मारे गए। विशाल भूस्खलनों ने तबाही को और बढ़ा दिया।
1976 : तांगशान भूकंप, चीन
20वीं सदी की सबसे भीषण प्राकृतिक आपदाओं में शामिल। आधिकारिक आंकड़ा करीब 2.4 लाख मौतों का है, जबकि कई अनुमान इससे कहीं अधिक बताते हैं।
2004 : हिंद महासागर भूकंप और सुनामी
इंडोनेशिया के सुमात्रा तट के पास 9.1 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके बाद आई सुनामी ने 14 देशों में लगभग 2.3 लाख लोगों की जान ले ली।
2010 : हैती भूकंप
7.0 तीव्रता के इस भूकंप ने राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस को तबाह कर दिया। अनुमानित 1.6 लाख से 3 लाख लोगों की मौत हुई और लाखों लोग बेघर हो गए।
अंतरराष्ट्रीय मदद की पेशकशः
अमेरिका, ब्राजील, डोमिनिकन रिपब्लिक, एल साल्वाडोर समेत कई देशों ने वेनेजुएला को राहत और बचाव सहायता देने की पेशकश की है। अंतरराष्ट्रीय बचाव दलों के पहुंचने की तैयारी चल रही है।
फिलहाल राहत एजेंसियों की सबसे बड़ी चुनौती मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना और लगातार आ रहे आफ्टरशॉक्स के बीच बचाव अभियान चलाना है। विशेषज्ञों ने लोगों से क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।