29 Jan 2026
मीरजापुर, 29 जनवरी (हि.स.)। थाना कोतवाली शहर की साइबर सेल टीम ने साइबर ठगी के मामलों में सराहनीय कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग घटनाओं में पीड़ितों के खातों में कुल 1 लाख 30 हजार रुपये की धनराशि वापस कराई है। रकम वापस मिलने पर पीड़ितों ने साइबर सेल टीम की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। पहले मामले में रमईपट्टी निवासी कोशलेश कुमार त्रिपाठी ने 2 जुलाई 2025 को एनसीआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन फ्राड की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत संख्या 33107250071467 में उन्होंने बताया कि उन्हें “डिजिटल अरेस्ट” करने की धमकी देकर चेक के माध्यम से 80 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए गए थे। बाद में उन्हें ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद कोतवाली शहर थाने में साइबर शिकायत की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल टीम ने जांच शुरू की। अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में गुरुवार को की गई कार्रवाई के दौरान पीड़ित द्वारा ट्रांसफर की गई पूरी 80 हजार रुपये की धनराशि उनके खाते में वापस करा दी गई। दूसरे मामले में आर्यकन्या रोड वासलीगंज निवासी अश्वनी कुमार सिंह ने 13 जुलाई 2025 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक अनजान व्यक्ति ने ईंट दिलाने के नाम पर यूपीआई के माध्यम से 70 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए थे। जांच के बाद गुरुवार को साइबर सेल कोतवाली शहर की टीम ने ठगी गई रकम में से 50 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए। राशि वापस मिलने पर दोनों पीड़ितों ने साइबर सेल टीम का धन्यवाद किया। साथ ही पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता अभियान के तहत ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई और अन्य लोगों को भी सतर्क करने की अपील की गई। इस कार्रवाई में साइबर सेल थाना कोतवाली शहर की टीम में उप निरीक्षक दयाशंकर ओझा, थाना प्रभारी कोतवाली शहर तथा महिला कांस्टेबल पारुल श्रीवास्तव शामिल रहीं।