21 Feb 2026
नई दिल्ली, 21 फ़रवरी (हि.स.)।पटियाला हाउस कोर्ट ने भारत मंडपम में आयाेजित एआई शिखर सम्मलेन में 20 फरवरी को कपड़े उतारकर प्रदर्शन करने के आरोप में गिरफ्तार यूथ कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। चारों को शनिवार कोर्ट में पेश किया गया था। पेशी के दौरान दिल्ली पुलिस ने इन प्रदर्शनकारियों की पांच दिन की हिरासत की मांग की थी। इन चारो आरोपियों को 20 फरवरी की दोपहर भारत मंडपम मेंआयाेजितएआई शिखर सम्मलेन के दाैरान प्रदर्शन करने पर गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस ने जिन चार यूथ कांग्रेस प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया था उनमें कृष्णा हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव शामिल हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक इनकी गिरफ्तारी के पहले पुलिस से हाथापाई भी हुई जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। दिल्ली पुलिस के मुताबिक इन प्रदर्शनकारियों ने पहले तो काला छाता और छपे हुए स्टिकर लेकर एआई शिखर सम्मलेन स्थल पर प्रवेश करने की योजना बनाई थी। लेकिन पकड़े जाने के डर से इन प्रदर्शनकारियों ने अपनी योजना में बदलाव किया और टी-शर्ट पहनकर आए जिसमें प्रिंटेड मैसेज था। टी-शर्ट पर इन प्रदर्शनकारियों ने स्वेटर और जैकेट पहन रखे थे। बाद में भारत मंडपम के हॉल नंबर पांच में पहुंचकर प्रदर्शनकारियाें ने टी-शर्ट उतार कर उसे हवा में लहराने लगे। दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है कि इसकी साजिश कैसे रची गई। दिल्ली पुलिस टी-शर्ट पर प्रिंटेड स्टिकर और उसके स्रोत की जांच कर रही है। इस मामले में यूथ कांग्रेस ने अपने बयान में कहा है कि उसके कार्यकर्ता भारत मंडपम में प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर देश की पहचान को एआई शिखर सम्मलेन में खराब करने का आरोप लगा रहे थे।