09 Jul 2026
नई दिल्ली, 9 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फार्मास्युटिकल प्रतिष्ठान पर छापेमारी कर 31,700 ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन जब्त किए। विभाग के अनुसार तापमान के प्रति संवेदनशील इन इंजेक्शनों को निर्धारित 2 से 8 डिग्री सेल्सियस के बजाय सामान्य कमरे के तापमान पर रखा गया था, जिससे उनकी प्रभावशीलता प्रभावित होने की आशंका है।
निरीक्षण में पाया गया कि ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन IP 5 IU/ml के एक बैच को मई 2026 में खरीदने के बाद से कथित रूप से बिना कोल्ड चेन के स्टोर किया जा रहा था। यह व्यवस्था ड्रग्स रूल्स, 1945 के नियम 65(17) का उल्लंघन पाई गई। विभाग ने यह भी बताया कि परिसर में रेफ्रिजरेटर मौजूद था, लेकिन उसमें कोई भी कोल्ड-स्टोरेज दवा नहीं रखी गई थी।
मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के तहत पूरा स्टॉक जब्त कर लिया गया है। विभाग ने संबंधित बैच की पहले से वितरित दवाओं की बिक्री रोकने और उन्हें बाजार से वापस मंगाने (रिकॉल) की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी दवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही, विशेषकर जीवनरक्षक और गंभीर बीमारियों की दवाओं के मामले में, बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी और राजधानी में निरीक्षण अभियान को और तेज किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट एवं नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली भर में विशेष प्रवर्तन अभियान और औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।