24 Jan 2026
इंफाल, 24 जनवरी (हि.स.)। मणिपुर में पिछले 24 घंटों के दौरान सुरक्षा बलों ने व्यापक तलाशी एवं अभियान चलाते हुए विभिन्न स्थानों से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और संचार उपकरण बरामद किए हैं। इस दौरान एक उग्रवादी संगठन के एक कैडर को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने आज बताया कि इंफाल पश्चिम जिले के पटसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत नगैरंगबाम और खोंगाखुल गांवों के समीप संयुक्त अभियान में सुरक्षा बलों ने एक संशोधित .303 राइफल सहित मैगजीन, एक स्थानीय निर्मित सिंगल बैरल ब्रीच लोडिंग (एसबीबीएल) बंदूक, पांच पिस्तौल मैगजीन सहित, एक एयर पिस्तौल, एक नंबर-36 हाई एक्सप्लोसिव ग्रेनेड, .303 राइफल की 20 गोलियां, चार्जर सहित एक बाओफेंग हैंड-हेल्ड सेट तथा एक बुलेटप्रूफ जैकेट कवर बरामद किया। इसके अलावा, इंफाल पूर्व जिले के सागोलमांग थाना क्षेत्र अंतर्गत चानुंग हिल रेंज की तलहटी में चलाए गए एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों को एक .303 राइफल मैगजीन सहित, एक एसएलआर (बिना मैगजीन), आठ एसबीबीएल, एक रिवॉल्वर, एक .22 पिस्तौल मैगजीन सहित, विभिन्न कैलिबर की 24 जिंदा गोलियां, एक एमके-13टी कारतूस, पांच ट्यूब लॉन्चिंग डिवाइस, छह लाथोड शेल, बैटरी और चार्जर सहित पांच बाओफेंग वॉकी-टॉकी सेट, तथा बड़ी मात्रा में छलावरण सामग्री जैसे हेलमेट, पैंट, शर्ट, स्वेटशर्ट, टोपी और अन्य उपकरण बरामद किए गए। इस बीच, एक अलग कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने नेशनल रिवोल्यूशनरी फ्रंट ऑफ मणिपुर (एनआरएफएम) के सक्रिय कैडर वाइखोम अथोई उर्फ सिदाबा (28) को गिरफ्तार किया। वह इंफाल पूर्व जिले के हेंगांग थाना क्षेत्र के खाबाम लामखाई का निवासी है। उसे तेंगनौपाल जिले के मोरेह थाना क्षेत्र अंतर्गत बॉर्डर पिलर संख्या 79 के पास पांगल बस्ती से पकड़ा गया। गिरफ्तार उग्रवादी के पास से एक 9 एमएम पिस्तौल दो मैगजीन सहित, 9 एमएम की 30 जिंदा गोलियां एक एम्युनिशन पाउच के साथ, एक मोबाइल फोन सिम कार्ड सहित, एक कलाई घड़ी और एक टॉर्च लाइट बरामद की गई। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के उद्देश्य से ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।