31 Dec 2025
नई दिल्ली, 31 दिसंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने आज जनकपुरी विधानसभा के C2C ब्लॉक, पॉकेट -12 में MCD, DJB, PWD और Horticulture विभाग द्वारा किये जा विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर DC (MCD) DJB , PWD के अधिकारी भी उपस्थित थे।
स्थानीय निवासियों ने मंत्री को बताया कि इस ब्लॉक की सीवर की लाइन कई दिनों से खराब पड़ी है जिस कारण पानी आगे नहीं जा रहा है और गंदा पानी गलियों में भर जाता है। इसके अतिरिक्त इस ब्लॉक के पार्क के अंदर लगे हुए पेड़ जर्जर हो चुके है जो कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकते है। इन पेड़ों को काटा जाना अनिवार्य है। इसके साथ ही स्थानीय निवासियों ने यह भी बताया की एमसीडी के कर्मचारी यहां नियमित रूप से साफ सफाई नहीं करने आते हैं इस कारण कई जगह कूड़े का ढेर लगा हुआ है । साथ ही इस ब्लॉक के पार्क में लाइट और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था भी नहीं है।
मंत्री ने स्थानीय निवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए एमसीडी दिल्ली जल बोर्ड, और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए वह यहां की समस्याओं के समुचित समाधान के लिए सभी कामों का एस्टीमेट बनाएं और उस पर शीघ्र कार्यवाही करें। उन्होंने सभी विभागों को कहा कि वह आपस में मिलकर समन्वय के साथ काम करें ताकि सभी काम समय पर योजनाबद्ध तरीके से पूरे किए जा सकें।
सूद में यह भी बताया कि जनकपुरी के कुछ इलाकों की सीवर लाइन 40 से 50 साल पुरानी है इसलिए समय के साथ-साथ उसकी क्षमताओं में कमी आई है। इसको ध्यान में रखते हुए जनकपुरी के सभी ब्लॉकों की सीवर लाइनों को बदलने की कार्य योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है ।जहां सीवर लाइन के पाइप छोटे हैं वहां बड़े पाइप डालने की योजना है। तथा उनको मुख्य सीवर लाइन से भी जोड़ा जाएगा । उन्होंने कहा की स्थानीय विधायक होने के नाते मैं जनकपुरी की सभी जनसमस्याओं को गंभीरता से ले रहा हूं और संबंधित विभागों को इन सभी कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए निर्देश भी दे दिए गए हैं।
शहरी विकास मंत्री ने यह भी कहा कि देखने में आया है की जनकपुरी में कई जगहों पर ऐसे पेड़ है जिनकी कटाई या स्थानांतरण की अनुमति विभिन्न कारणों से पिछले लगभग दो दशकों से लंबित थी। ये पेड़ न केवल आम लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए थे बल्कि धूप और दृश्य अवरोध का भी कारण बन रहे है। इनको काटने के निर्देश भी दे दिए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के निर्देशानुसार राजधानी के प्रत्येक इलाके में स्वच्छता एवं विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सप्ताह दो-तीन स्थानों पर दिल्ली सरकार के मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारी स्वयं जाकर स्वच्छता तथा अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि जमीनी स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
सूद ने यह भी कहा कि अब ‘पासिंग द बक’ यानी जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डालने की परंपरा अतीत की बात हो चुकी है। दिल्ली सरकार हर समस्या की जिम्मेदारी स्वयं लेकर पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम कर रही है। ताकि दिल्ली की जनता को अधिकतम राहत मिल सके और राजधानी में स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण बन सके।