09 Jun 2026
फतेहाबाद, 09 जून (एजेंसी.)। जिले के भूना कस्बे के वार्ड नंबर छह स्थित कंबोज मोहल्ला में मंगलवार अलसुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। एक घर में चाय बनाने के लिए माचिस जलाते ही अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरी रसोई आग के गोले में तब्दील हो गई। इस भीषण अग्निकांड में व्यक्ति तथा उसकी 18 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया है, जिससे पीडि़त परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, कंबोज मोहल्ला निवासी कालाराम कंबोज जो ठेके पर जमीन लेकर खेती बाड़ी करते हैं, मंगलवार सुबह करीब 4 बजे खेतों में जाने के लिए उठे थे। दिनचर्या के मुताबिक वह रसोई में चाय बनाने गए। उन्होंने जैसे ही गैस चूल्हा जलाने के लिए माचिस सुलगाई, वैसे ही वहां गैस लीकेज के कारण एक भयानक धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पूरा मोहल्ला दहल उठा। चीख-पुकार सुनकर कालाराम की 18 वर्षीय बेटी ममता उन्हें बचाने के लिए रसोई की तरफ भागी, जिसकी चपेट में आने से दोनों बाप-बेटी बुरी तरह झुलस गए। घटना के तुरंत बाद परिवार के अन्य सदस्यों और पड़ोसियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। झुलसी हालत में कालाराम और उनकी बेटी ममता को तुरंत भूना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में दोनों का इलाज जारी है। स्थानीय पुलिस को भी इस घटना की सूचना दे दी गई है। पीडि़त किसान कालाराम ने अत्यंत भावुक होते हुए बताया कि इस अग्निकांड ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। आग की इस घटना में 80 हजार रुपये की नकदी जलकर राख हो गई, जो उन्होंने पिछले हफ्ते ही आढ़ती से लाकर रखी थी। बेटे अनिल का नया लैपटॉप जल गया, जिसे इसी रकम से कुछ दिन पहले खरीदा गया था। कालाराम के मुताबिक बेटी का रिश्ता तय करना था, जिसके लिए उन्होंने काफी सामान जुटाकर रखा था, जो पूरी तरह नष्ट हो चुका है। कालाराम के अनुसार सुबह सब कुछ ठीक था, लेकिन एक पल में हमारी पूरी जमापूंजी और खुशियां इस आग में स्वाहा हो गई। पुलिस और प्रशासन की टीम अब नुकसान का आकलन करने और हादसे के सही कारणों की जांच में जुट गई है।