24 Dec 2025
नई दिल्ली, 24 दिसंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने आज प्रख्यात जैन आध्यात्मिक नेत्री आर्यिका श्रीमती पूर्णमति माताजी के साथ राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट की। भेंट के दौरान, आचार्य विद्यासागर जी महाराज से दीक्षा प्राप्त आर्यिका श्रीमती पूर्णमति माताजी ने सार्वजनिक जीवन के नैतिक मूल्यों पर अपने विचार साझा किए तथा आत्मसंयम, करुणा और नैतिक स्पष्टता को उत्तरदायी सार्वजनिक सेवा के लिए अनिवार्य बताया। उन्होंने राष्ट्रपति को अपने आशीर्वाद भी प्रदान किए।
इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने राष्ट्रपति को दिल्ली विधान सभा द्वारा पारदर्शिता, कार्यकुशलता और उत्तरदायी शासन को सुदृढ़ करने हेतु किए जा रहे प्रमुख संस्थागत सुधारों से अवगत कराया।
गुप्ता ने नेशनल ई-विधान एप्लिकेशन (NeVA) के क्रियान्वयन की जानकारी दी, जिसके माध्यम से दिल्ली विधानसभा पूर्णतः डिजिटल एवं पेपरलेस सदन के रूप में कार्य कर रही है। उन्होंने विधानसभा को पूर्णतः सौर ऊर्जा आधारित हरित विधानसभा के रूप में विकसित किए जाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों तथा दिल्ली विधानसभा को एक हेरिटेज साइट के रूप में विकसित कर उसकी लोकतांत्रिक विरासत के संरक्षण एवं ऐतिहासिक परिसर को आम जनता के लिए खोलने के सतत प्रयासों का भी उल्लेख किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली सरकार एवं दिल्ली विधानसभा द्वारा किए जा रहे संस्थागत सुधारों और कार्यो की सराहना की l