14 Mar 2026
नवादा, 14 मार्च (हि.स.)।नवादा में एसटीएफ और पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर हथियारों का जखीरा जब्त किया है. एक 47 समेत कई हथियारों के साथ एक गिरफ्तार हुआ. नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव अधिमान्य शनिवार को बताया कि नवादा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. जिले के रजौली थाना क्षेत्र के जंगलों में अवैध हथियार छिपाकर रखने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने एके 47 राइफल सहित कई हथियार और कारतूस बरामद किए हैं. क्या-क्या हुआ बरामद? पुलिस ने मौके से एके-47 राइफल, दो .315 बोर राइफल, एके-47 के 21 कारतूस, .315 बोर के 10 कारतूस, दो मैगजीन, तीन एम्युनिशन पाउच और तीन सेट कैमोफ्लाज वर्दी बरामद की है. पुलिस मामले की जांच करते हुए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस को पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि रजौली थाना क्षेत्र के जंगलों में कुछ असामाजिक तत्व हथियार छिपाकर रखते हैं और जंगल में काम करने वाले मजदूरों का खाना छीनकर खा जाते हैं. इस सूचना को वरीय पुलिस पदाधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद उनके निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रजौली के नेतृत्व में थानाध्यक्ष और विशेष कार्य बल के सहयोग से एक एसआईटी टीम का गठन किया गया. सूचना के आधार पर हुई छापेमारी : गठित टीम ने ह्यूमन इंटेलिजेंस और सटीक सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए ग्राम डेलवा से आरोपी अजीत कुमार (पिता बलेश्वर यादव) को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान अजीत की निशानदेही पर उसके घर से करीब 20 मीटर दूरी पर आम के पेड़ के पास छिपाकर रखे गए हथियार बरामद किए गए. ''एसटीएफ और स्थानीय पुलिस के सहयोग से अजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया है. उसके द्वारा बताए गए ठिकानों पर छापेमारी कर हथियारों को जब्त किया गया है. दो लोग मौके से फरार हो गए थे. मामले में संलिप्त सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए काम किया जा रहा है।