05 Jun 2026
नई दिल्ली, 05 जून (एजेंसी)। पटियाला हाउस कोर्ट के एडिशनल सेशंस जज अमित बंसल ने शुक्रवार काे संसद सुरक्षा चूक के मामले के चार आरोपितों की न्यायिक हिरासत 8 जुलाई तक बढ़ा दी है। मामले की अगली सुनवाई 8 जुलाई को होगी। तीनों आरोपितों ने जेल में अपने ऊपर हमले का अंदेशा जताते हुए दूसरे जेल में शिफ्ट करने की मांग की है। सुनवाई के दौरान इस मामले के सभी आरोपित आज कोर्ट में पेश हुए। आरोपित मनोरंजन डी और ललित झा जेल नंबर 8 में बंद हैं जबकि सागर शर्मा जेल नंबर एक में बंद है। तीनों आरोपितों ने कहा कि उन्हें विचाराधीन कैदियों से हमले का खतरा है। ऐसे में उन्हें जेल नंबर 4 में शिफ्ट किया जाए। सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने कहा कि ये जेल प्रशासन के क्षेत्राधिकार में आता है, इसलिए इन अर्जियों पर जेल प्रशासन को फैसला करने का आदेश जारी किया जाए। उसके बाद कोर्ट ने तीनों आरोपितों की अर्जियों पर संबंधित जेल प्रशासन से कानून के मुताबिक उचित फैसला लेने को कहा। दिल्ली पुलिस ने 22 मई को इस मामले में चौथी पूरक चार्जशीट दाखिल की थी। दिल्ली पुलिस ने करीब 14,000 पेजों की चौथी पूरक चार्जशीट दाखिल की थी। आरोपितों के वकीलों ने चौथी चार्जशीट दाखिल करने पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि इस मामले में आरोप तय करने पर काफी लंबी दलीलें रखी जा चुकी है। अब चौथी चार्जशीट दाखिल करना कानून का दुरुपयोग है।