08 Sep 2026
मुंबई, 08 सितम्बर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा अलर्ट सामने आया। नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। इनमें 24 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बताया और उसके पास PMO का फर्जी पहचान पत्र मिला। उसके साथ मौजूद बॉडीगार्ड के पास लाइसेंसी हथियार मिला।
पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गए युवक की पहचान रोहन पारेख के रूप में हुई है। सुरक्षा जांच के दौरान उसके पहचान पत्र की जांच की गई तो वह फर्जी पाया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे और उसके साथ आए बॉडीगार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच अपने हाथ में ले ली है। पुलिस दोनों से यह पता लगाने में जुटी है कि वे कार्यक्रम स्थल तक किस मकसद से पहुंचे थे और फर्जी PMO पहचान पत्र का इस्तेमाल क्यों किया गया। उनके मोबाइल फोन, पहचान दस्तावेजों और अन्य सामान की भी जांच की जा रही है।
यह घटना ऐसे समय सामने आई जब प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को लेकर BKC में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दोनों संदिग्ध कार्यक्रम स्थल तक किस स्तर तक पहुंच पाए और उनकी गतिविधियों का वास्तविक उद्देश्य क्या था।
फिलहाल पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई और पूछताछ जारी रखी है। जांच पूरी होने से पहले दोनों की मंशा को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।