24 Jan 2026
श्रीनगर, 24 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर लागू एनओटीएएम (वायुमार्ग कर्मियों के लिए सूचना) और श्रीनगर में प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण श्रीनगर हवाई अड्डे से आने-जाने वाली कई उड़ानें शनिवार को रद्द कर दी गई हैं। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, रद्द की गई अधिकांश उड़ानें दिल्ली हवाई अड्डे पर लागू एनओटीएएम के कारण प्रभावित हुई हैं, जबकि कुछ उड़ानों का संचालन श्रीनगर में खराब मौसम की वजह से नहीं हो सका। उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। श्रीनगर हवाई अड्डा प्रशासन ने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में बताया कि दिल्ली आईजीआई हवाई अड्डे पर लागू एनओटीएएम और श्रीनगर में प्रतिकूल मौसम की स्थिति के चलते आज श्रीनगर हवाई अड्डे से आने-जाने वाली कुछ उड़ानें रद्द की गई हैं। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइनों से उड़ानों की ताजा और सही स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। साथ ही प्रशासन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।-