24 May 2026
लखनऊ, 24 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती और विद्युत आपूर्ति में लापरवाही के मामलों पर योगी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। ऊर्जा विभाग ने शनिवार को दो विद्युत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित अधिकारियों में गाजियाबाद में तैनात अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) राहुल तथा मेरठ में तैनात अधिशासी अभियंता योगेश कुमार शामिल हैं।
ऊर्जा विभाग के अनुसार, भीषण गर्मी के बीच कई क्षेत्रों से अनियमित बिजली आपूर्ति और अघोषित कटौती की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। प्रारंभिक जांच में संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली और निगरानी में कमी पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। निलंबन के साथ दोनों अधिकारियों को विभागीय मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। हाल के दिनों में बढ़ती गर्मी के कारण बिजली आपूर्ति को लेकर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से शिकायतें सामने आई थीं, जिस पर सरकार लगातार निगरानी रख रही है।